अहमदाबाद में ‘ग्राम-2026’ इन्वेस्टर मीट: राजस्थान बनेगा एग्री-बिजनेस पावरहाउस

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का निवेशकों को आमंत्रण, कृषि और एग्रीटेक में नए अवसरों के द्वार खुले

अहमदाबाद में ‘ग्राम-2026’ इन्वेस्टर मीट: राजस्थान बनेगा एग्री-बिजनेस पावरहाउस

अनन्य सोच। अहमदाबाद में आयोजित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 के अंतर्गत ‘ग्राम-2026’ इन्वेस्टर मीट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवेशकों को राजस्थान में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश बाजरा, सरसों, जीरा और ईसबगोल जैसे विविध कृषि उत्पादन के कारण एग्री-बिजनेस पावरहाउस बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 से 25 मई तक जयपुर में होने वाले इस वैश्विक आयोजन में भाग लेकर निवेशक कृषि परिवर्तन की मुहिम के सहभागी बनें। उन्होंने नरेन्द्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि आज छोटे किसान भी बाजार की सशक्त ताकत बन रहे हैं।

इस आयोजन के माध्यम से कृषि, एग्रीटेक, फूड प्रोसेसिंग, ड्रोन तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित खेती और कोल्ड चेन जैसे क्षेत्रों में निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में डेयरी, फूड पार्क और स्पाइस प्रोसेसिंग से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी हुआ।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 1500 से अधिक फूड प्रोसेसिंग इकाइयों में 3500 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हो चुका है और 39 फूड पार्क विकसित करने की योजना पर काम जारी है। साथ ही, राइजिंग राजस्थान समिट के तहत कृषि क्षेत्र में 44 हजार करोड़ रुपये के समझौते हुए, जिनमें से 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर आ चुका है।

उन्होंने प्रवासी राजस्थानी उद्यमियों से राज्य में निवेश कर विकास यात्रा का हिस्सा बनने का आह्वान किया।