युवाओं के सपनों को मिलेगा सिल्वर स्क्रीन का मंच, जयपुर में होगा 12 दिवसीय फिल्म मेकिंग महाकुंभ

‘आत्मनिर्भर विद्यार्थी अभियान’ के जरिए उभरेंगे नए फिल्मकार, राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा हुनर दिखाने का मौका

May 23, 2026 - 21:20
May 23, 2026 - 21:21
 0
युवाओं के सपनों को मिलेगा सिल्वर स्क्रीन का मंच, जयपुर में होगा 12 दिवसीय फिल्म मेकिंग महाकुंभ

अनन्य सोच। भारतीय फिल्म और मीडिया जगत में नई प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) और इंडो इंटरनेशनल फिल्म फाउंडेशन ऑफ कल्चर एंड आर्ट्स फेडरेशन (IIFFCA) ने संयुक्त रूप से “आत्मनिर्भर विद्यार्थी अभियान” के तहत IIFFCA फिल्म वर्कशॉप और IIFFCA फिल्म फेस्टिवल 2026 की घोषणा की है।

जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवा फिल्मकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को फिल्म निर्माण की व्यावहारिक जानकारी देने के साथ उन्हें राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन के तहत 21 जून 2026 को एक दिवसीय सेमिनार तथा 25 जून से 12 दिवसीय स्टूडेंट फिल्म मेकिंग वर्कशॉप आयोजित की जाएगी।

निर्देशन से लेकर एआई तकनीक तक मिलेगा प्रशिक्षण

वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों को फिल्म निर्देशन, पटकथा लेखन, छायांकन, संपादन, अभिनय, ओटीटी कंटेंट निर्माण और फिल्म मार्केटिंग जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फिल्म निर्माण और डिजिटल मीडिया तकनीकों की भी जानकारी दी जाएगी।

दिव्यांक शर्मा का कहना है कि यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ भारतीय सिनेमा को नई सोच और नई रचनात्मक ऊर्जा देने का काम करेगी। कार्यशाला में देशभर के फिल्म और मीडिया विशेषज्ञ विद्यार्थियों को उद्योग की बारीकियां सिखाएंगे।

फिल्म फेस्टिवल में दिखेगा देशभर की प्रतिभाओं का हुनर

IIFFCA फिल्म फेस्टिवल 2026 के लिए फिल्मों की प्रविष्टियां 21 जून से आमंत्रित की जाएंगी। इसमें विद्यार्थी, स्वतंत्र फिल्मकार, मीडिया संस्थान और प्रोडक्शन हाउस अपनी फिल्मों को भेज सकेंगे।

फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आधिकारिक फिल्म स्क्रीनिंग 23 अगस्त को होगी, जबकि भव्य अवॉर्ड समारोह 30 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन राजस्थान को रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा