क्यूबा की जोआना उरांगा बनीं मिस टीन इंटरनेशनल 2026
दुनियाभर की खूबसूरत किशोरियों के बीच खिताब की जंग जयपुर की धरती पर लड़ी गई, और अंत में बाजी मारी क्यूबा की एक होनहार मॉडल ने, जिसने भारत को वैश्विक फैशन मैप पर एक नई पहचान दे दी।
अनन्य सोच। भारत ने एक बार फिर फैशन और ग्लैमर की दुनिया में अपना दबदबा साबित करते हुए विश्वस्तरीय सौंदर्य प्रतियोगिता मिस टीन इंटरनेशनल 2026 की मेजबानी कर इतिहास रच दिया है। गुलाबी नगरी जयपुर में आयोजित इस भव्य ग्रैंड फिनाले में दुनियाभर के 31 देशों की खूबसूरत प्रतिभागियों ने अपनी चमक बिखेरी, जिनमें कनाडा, कोलंबिया, फ्रांस, जर्मनी, भारत, जापान और मैक्सिको जैसे बड़े देश शामिल रहे। कड़े मुकाबले के बाद क्यूबा की प्रतिभागी जोआना उरांगा ने सभी को पीछे छोड़ते हुए मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता में दूसरे स्थान यानी फर्स्ट रनर-अप का खिताब नामीबिया की चैंटल बोरेन को मिला, जबकि सेकंड रनर-अप का ताज पैराग्वे की जूलियाना ओकारिज़ के सिर सजा। भारत की ओर से इस प्रतिष्ठित मंच पर दिव्या वाधवा ने देश का प्रतिनिधित्व किया।
प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार ओपनिंग राउंड से हुई, जिसके बाद स्विमशूट राउंड, क्वेश्चन-आंसर राउंड सहित कई प्रतिस्पर्धी चरणों से गुजरते हुए फाइनलिस्ट्स ने अपने आत्मविश्वास, पर्सनैलिटी और टैलेंट का शानदार प्रदर्शन किया। अंततः अपने दमदार प्रदर्शन के बूते क्यूबा की प्रतिभागी ने जजों और दर्शकों दोनों का दिल जीतते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
इस मौके पर मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर और मिस टीन इंटरनेशनल के होस्ट निखिल आनंद ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जयपुर जैसे खूबसूरत शहर में इस तरह के विश्वस्तरीय आयोजन का होना भारत के फैशन इंडस्ट्री में लगातार बढ़ते प्रभाव को साफ तौर पर दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन की मेजबानी ग्लैमआनंद सुपरमॉडल संस्था के तत्वावधान में की गई, जो फैशन जगत की एक अग्रणी और प्रतिष्ठित संस्था मानी जाती है।
वहीं नेशनल जनसंपर्क निदेशक सर्वेश कश्यप ने इस पूरे आयोजन को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि इस स्तर के सफल आयोजन के लिए उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और बेहतरीन सहयोग जरूरी था, जिसके लिए उन्होंने स्थानीय और जिला प्रशासन का विशेष आभार जताया।