मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को रफ्तार: 30 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, जून तक 60 हजार आवेदन बैंकों को भेजने का लक्ष्य

ब्याज मुक्त ऋण और मार्जिन मनी से युवाओं को मिलेगा बड़ा सहारा, स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को रफ्तार: 30 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, जून तक 60 हजार आवेदन बैंकों को भेजने का लक्ष्य

अनन्य सोच। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रही है। इस योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में 30 हजार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने का लक्ष्य तय किया गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है और जून तक 60 हजार आवेदन बैंकों को अग्रेषित करने का टारगेट रखा गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभाग ने सभी जिलों को निर्धारित लक्ष्य से दोगुने आवेदन भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। अप्रैल में 30 हजार तथा मई और जून में 15-15 हजार आवेदन बैंकों को भेजे जाएंगे।

आवेदन प्रक्रिया और अब तक की प्रगति

उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त नीलाभ सक्सेना के अनुसार, अब तक 73 हजार से अधिक युवाओं ने इस योजना के तहत आवेदन किया है, जिनकी कुल ऋण राशि करीब 3,580 करोड़ रुपये है। इनमें से 31 हजार से अधिक आवेदन बैंकों को अग्रेषित किए जा चुके हैं। योजना का शुभारंभ 12 जनवरी 2026 को किया गया था और 22 जनवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी।

युवाओं के लिए आकर्षक लाभ

इस योजना के तहत अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता के अनुसार ऋण सुविधा दी जा रही है।

  • 8वीं से 12वीं पास युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में 3.5 लाख रुपये और मैन्युफैक्चरिंग में 7.5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। साथ ही 35 हजार रुपये तक मार्जिन मनी का प्रावधान है।

  • स्नातक, आईटीआई या उच्च योग्यता वाले युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में 5 लाख रुपये और मैन्युफैक्चरिंग में 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा। इसके साथ 50 हजार रुपये तक मार्जिन मनी दी जाएगी।

आवेदन कैसे करें

योजना का लाभ लेने के लिए युवा अपनी एसएसओ आईडी या ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, फोटो, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है।

स्वरोजगार की दिशा में बड़ा कदम

सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वरोजगार का मजबूत ईको-सिस्टम तैयार करना है, जिससे युवा खुद का व्यवसाय शुरू कर सकें और दूसरों को भी रोजगार दे सकें। योजना की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक इसका लाभ पहुंच सके।