भगवान परशुराम जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जयपुर में निकली भव्य शोभायात्रा
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने दिखाई अगुवाई, राज्यपाल ने राज्य स्तरीय समारोह में की पूजा-अर्चना
अनन्य सोच। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर रविवार को जयपुर और अलवर में आस्था, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्राह्मण समाज अलवर द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा को पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने दिल्ली दरवाजा स्थित परशुराम भवन से ध्वज लहराकर रवाना किया। शोभायात्रा के दौरान शहरभर में विभिन्न समाजों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे माहौल भक्तिमय हो उठा।
होप सर्कस पर आयोजित महाआरती में मंत्री ने भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम अन्याय के खिलाफ खड़े होकर पीड़ितों की सहायता करने वाले महान आदर्श हैं, जिनके जीवन संदेश से समाज में समता और साहस की भावना विकसित की जा सकती है। इस दौरान मंत्री स्वयं शोभायात्रा में भगवान परशुराम के वाहन के सारथी बने, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अलवर में विप्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित गौ सवामनी कार्यक्रम में भी मंत्री संजय शर्मा ने शिरकत की और गौ माता को चारा खिलाकर पशु सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परशुराम जयंती हमें त्याग, तप, शौर्य और धर्म रक्षा के संकल्प को जीवन में उतारने की प्रेरणा देती है। साथ ही, गौ सेवा को भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बताते हुए उन्होंने इसे सर्वोपरि बताया।
इसी अवसर पर जयपुर के बिड़ला सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना की। उन्होंने भगवान परशुराम को शस्त्र और शास्त्र दोनों के मर्मज्ञ बताते हुए कहा कि वे अन्याय और अधर्म के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देते हैं। राज्यपाल ने उनके जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए समाज को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
शहर में निकली शोभायात्रा दिल्ली दरवाजा से प्रारंभ होकर ब्राह्मण छात्रावास तक हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई। पूरे आयोजन ने सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।