जिमी शेरगिल से लेकर बाड़मेर के लोकगायकों तक, RFF 2026 में सजेगा क्षेत्रीय सिनेमा का महाकुंभ

Sep 12, 2026 - 22:25
Sep 12, 2026 - 22:49
 0
जिमी शेरगिल से लेकर बाड़मेर के लोकगायकों तक, RFF 2026 में सजेगा क्षेत्रीय सिनेमा का महाकुंभ

अनन्य सोच । गुलाबी नगरी एक बार फिर सिनेमा के रंग में रंगने को तैयार है। Rajasthan Film Festival 2026 में इस बार सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि देशभर की क्षेत्रीय फिल्मों और राजस्थानी सिनेमा के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलने वाली है। बड़े सितारों से लेकर मिट्टी से जुड़े लोकगायकों तक, हर किसी को इस मंच पर अपनी चमक बिखेरने का मौका मिलेगा। आखिर कौन-कौन हैं इस रेस में, आइए जानते हैं।

26 सितंबर को सजेगा सितारों का जमावड़ा

इस साल फेस्टिवल की सबसे खास बात यह है कि अन्य क्षेत्रीय सिनेमा और राजस्थानी सिनेमा वर्ग में कुल 30 Nominations मिले हैं, जिनमें अकेले राजस्थानी फिल्मों के हिस्से में 10 नामांकन आए हैं। यह आयोजन 26 सितंबर को मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में शाम सात बजे से होगा, जहां क्षेत्रीय सिनेमा से जुड़े कलाकारों और फिल्मकारों को सम्मानित किया जाएगा। इस बार की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि एक्टर जिम्मी शेरगिल, राज कुन्द्रा, आशीष शर्मा, एक्ट्रेस गीता बसरा और सिंगर शान जैसे बड़े नाम भी इस दौड़ में शामिल हैं।

बेस्ट एक्टर की रेस में छिड़ी कांटे की टक्कर

फेस्टिवल की Founder-Director संजना शर्मा के मुताबिक, इस बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में जिमी शेरगिल और राज कुंद्रा का नामांकन सबसे ज्यादा चर्चा में है। इनके अलावा वसंत रवि, अरुण अशोकन और आशीष शर्मा भी इस कैटेगरी में मजबूती से टक्कर दे रहे हैं। वहीं बेस्ट एक्ट्रेस की श्रेणी में मेहरीन पीरजादा, रितुपर्णा सेनगुप्ता और रेवती शर्मा जैसे नाम शामिल होकर मुकाबले को और रोमांचक बना रहे हैं। अन्य क्षेत्रीय सिनेमा से इंद्रा, मां जाये, आशा और थलावरा जैसी फिल्में नामांकित हुई हैं, जबकि राजस्थानी सिनेमा में देशी मुक्का, चक्का जाम और सांवरी जैसी फिल्में मैदान में हैं।

डायरेक्शन से लेकर सिनेमैटोग्राफी तक, हर विभाग में जबरदस्त कॉम्पिटिशन

फेस्टिवल के Programming Head अनिल जैन ने बताया कि सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि निर्देशन और तकनीकी विभागों में भी इस बार गजब की प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। बेस्ट डायरेक्टर की दौड़ में अरिंदम सिल, दीपक पाटिल और अखिल अनिलकुमार जैसे नाम शामिल हैं, तो वहीं छायांकन की कैटेगरी में अनिरबन, फैजल अहमद और वीरधवल पुराणिक जैसे सिनेमैटोग्राफर्स भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

बाड़मेर की माटी की खुशबू लेकर आएंगे लोकगायक

इस फेस्टिवल की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि राजस्थानी संगीत की श्रेणी में मोती खान, खेता खान और छोटू खान जैसे स्थानीय कलाकारों को भी नामांकन मिला है। खास तौर पर बाड़मेर के Folk Singers की मौजूदगी ने राजस्थानी फिल्म संगीत को एक नई पहचान दी है। आयोजकों का मानना है कि यह फेस्टिवल क्षेत्रीय सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।