RPSC ने जारी की प्राध्यापक भर्ती की बड़ी लिस्ट, पॉलिटिकल साइंस के 67 कैंडिडेट्स की निकली विचारित सूची, 227 हुए बाहर

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने प्राध्यापक एवं कोच भर्ती परीक्षा को लेकर जारी किया बड़ा अपडेट। दस्तावेज सत्यापन से पहले जान लें पूरा प्रोसेस, वरना हो सकते हैं अयोग्य।

Aug 17, 2026 - 23:09
Aug 17, 2026 - 23:13
 0
RPSC ने जारी की प्राध्यापक भर्ती की बड़ी लिस्ट, पॉलिटिकल साइंस के 67 कैंडिडेट्स की निकली विचारित सूची, 227 हुए बाहर

अनन्य सोच। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 (Professor Recruitment Exam 2025) के तहत पॉलिटिकल साइंस विषय की विचारित सूची (Considered List) जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 67 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए अस्थाई रूप से शामिल किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

यह चयन सूची नहीं, सिर्फ दस्तावेज जांच के लिए है लिस्ट

आयोग सचिव ने साफ किया है कि यह सूची अंतिम चयन सूची या वरीयता सूची नहीं है, बल्कि सिर्फ दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के उद्देश्य से जारी की गई है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेज जांच पूरी होने के बाद ही आयोग जारी करेगा।

21 से 27 अगस्त तक भरना होगा फॉर्म

जिन अभ्यर्थियों के नाम इस विचारित सूची में शामिल हैं, उन्हें विस्तृत आवेदन-पत्र (Detailed Application Form) ऑनलाइन भरना अनिवार्य होगा। इसके लिए लिंक 21 से 27 अगस्त तक खुला रहेगा। अभ्यर्थियों को अपनी SSO ID के जरिए रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर "माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी" में आवेदन करना होगा।

दो प्रतियों में रखें प्रिंट, वरना होंगे अयोग्य

आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को फॉर्म की 2 प्रतियां प्रिंट कर सुरक्षित रखनी होंगी। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग की सूचना अनुसार तय तारीख पर मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना जरूरी है। अगर कोई अभ्यर्थी तय तिथि पर उपस्थित नहीं हुआ, तो उसे सीधे अयोग्य मान लिया जाएगा। ध्यान रहे कि इस बारे में आयोग की ओर से अलग से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी।

227 अभ्यर्थी हुए अयोग्य घोषित

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 10% से अधिक प्रश्नों में कोई विकल्प न भरने के चलते आयोग ने 227 अभ्यर्थियों को परीक्षा से अयोग्य (Disqualified) घोषित कर दिया है। इन सभी के रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी किए गए हैं।