प्रयागराज के निर्देशक ने गांधी नगर स्कूल में रचा रंगमंच का जादू, बच्चों में दिखा गजब का उत्साह
शिक्षा में रंगमंच... सुनने में जितना साधारण लगता है, असर उतना ही गहरा। गांधी नगर स्थित शहीद लेफ्टिनेंट अभय पारीक राजकीय विद्यालय में इन दिनों कुछ ऐसा ही चल रहा है, जिसने विद्यार्थियों की दुनिया को नए रंगों से भर दिया है। आखिर क्या है ये वर्कशॉप, जिसकी चर्चा अब स्कूल की चारदीवारी से बाहर निकल रही है?
अनन्य सोच। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (North Central Zone Cultural Centre), प्रयागराज, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में शहीद लेफ्टिनेंट अभय पारीक राजकीय विद्यालय, गांधी नगर में *शिक्षा में रंगमंच (Theatre in Education) विषय पर एक प्रस्तुतिपरक नाट्य कार्यशाला (Theatre Workshop) विधिवत एवं पूरी सृजनात्मकता के साथ संचालित हो रही है।
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा की परिकल्पना से जन्मी यह कार्यशाला जोन के अंतर्गत आने वाले राज्यों में आयोजित की जा रही है, जिसमें राजस्थान भी शामिल है। इसी कड़ी में गांधी नगर के इस विद्यालय को इस विशेष पहल के लिए चुना गया।
कार्यशाला का निर्देशन शहर के ही जाने-माने थिएटर इन एजुकेशन प्रैक्टिशनर (Theatre in Education Practitioner) गगन मिश्रा कर रहे हैं। बीती 3 जुलाई से शुरू हुई यह कार्यशाला इस महीने की 30 जुलाई तक चलेगी। खास बात यह है कि समापन पर विद्यार्थी किसी भी विषय के पाठ्यक्रम पर आधारित नाट्य प्रस्तुति (Theatre Presentation) भी देंगे, जो पढ़ाई को मंच पर जीवंत करने का अनूठा प्रयोग होगा। गगन मिश्रा बताते हैं कि रंगमंच बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और सामूहिक सोच जैसे गुण विकसित करता है, जो पारंपरिक कक्षा शिक्षण से परे हैं। कला शिक्षा से अब तक वंचित रहे इन विद्यार्थियों के लिए यह कार्यशाला किसी सौगात से कम नहीं। आने वाले दिनों में इनकी प्रस्तुति देखने लायक होगी, जिसका इंतजार पूरा स्कूल कर रहा है।