अब ठगों की ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ होगी फेल! CBI का AI चैटबॉट ‘अभय’ बना साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा दुश्मन

राजस्थान पुलिस की नई एडवाइजरी जारी; फर्जी नोटिस, डिजिटल अरेस्ट और सेक्सटॉर्शन से बचाएगा 24x7 AI सुरक्षा गार्ड

May 29, 2026 - 21:42
 0
अब ठगों की ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ होगी फेल! CBI का AI चैटबॉट ‘अभय’ बना साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा दुश्मन

अनन्य सोच। “आपके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है…” मोबाइल स्क्रीन पर ऐसा मैसेज आते ही लोग घबरा जाते हैं और कई बार लाखों रुपए की ठगी का शिकार बन जाते हैं। लेकिन अब डिजिटल अरेस्ट और फर्जी सरकारी नोटिस भेजकर लोगों को डराने वाले साइबर ठगों के खिलाफ नई तकनीकी ढाल तैयार हो चुकी है। राजस्थान पुलिस ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के एआई आधारित चैटबॉट ‘अभय’ (ABHAY) को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है, जो किसी भी संदिग्ध नोटिस की सच्चाई कुछ ही सेकंड में बता देगा।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वीके सिंह ने बताया कि ABHAY यानी Artificial Intelligence Based Helpful Assistant for You एक अत्याधुनिक एआई चैटबॉट है, जिसे खास तौर पर डिजिटल अरेस्ट, फर्जी सीबीआई नोटिस, सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन धोखाधड़ी से लोगों को बचाने के लिए तैयार किया गया है। यह सिस्टम 24 घंटे सक्रिय रहता है और किसी भी संदिग्ध दस्तावेज या कॉल की वास्तविकता जांचने में मदद करता है।

पुलिस के अनुसार इस चैटबॉट की सबसे बड़ी खासियत इसकी रीयल-टाइम अपडेट प्रणाली है। जैसे ही साइबर अपराधी ठगी का नया तरीका अपनाते हैं, जांच एजेंसियां इसका डेटा तुरंत अपडेट कर देती हैं। यही कारण है कि यह नए फ्रॉड पैटर्न को भी तेजी से पहचान सकता है।

अभय चैटबॉट केवल तकनीकी मदद ही नहीं देता, बल्कि डरे हुए पीड़ित को शांत रखते हुए स्टेप-बाय-स्टेप कानूनी सलाह भी देता है। गंभीर मामलों में यह सीधे राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने का लिंक उपलब्ध कराता है। खास बात यह है कि यह हिंदी, अंग्रेजी समेत कई क्षेत्रीय भाषाओं में काम करता है, जिससे ग्रामीण, महिलाएं और बुजुर्ग भी आसानी से इसका उपयोग कर सकेंगे।

राजस्थान पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए पुलिस, कोर्ट या जांच एजेंसी के नोटिस से घबराने की बजाय पहले उसका सत्यापन करें। पुलिस का मानना है कि आने वाले समय में ‘अभय’ साइबर अपराध के खिलाफ आम लोगों का सबसे भरोसेमंद डिजिटल सुरक्षा कवच साबित हो सकता है।