सुबह की सैर में दिखी संवेदनशील सरकार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कड़ेल गांव में सुनी जनभावनाएं, मौके पर दी बड़ी सौगात

गांव की गलियों में पहुंचे मुख्यमंत्री, ग्रामीणों से लिया विकास कार्यों का फीडबैक

May 11, 2026 - 14:13
May 11, 2026 - 14:14
 0
सुबह की सैर में दिखी संवेदनशील सरकार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कड़ेल गांव में सुनी जनभावनाएं, मौके पर दी बड़ी सौगात

अनन्य सोच। मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने सोमवार सुबह अजमेर जिले के कड़ेल गांव में आमजन के बीच पहुंचकर जनसंवाद और जनविश्वास की अनूठी मिसाल पेश की। रविवार रात आयोजित ग्राम चौपाल के बाद मुख्यमंत्री ने सुबह गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच सहज और सरल रूप में देखकर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। 

सुबह की सैर के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया तथा महिलाओं, किसानों, पशुपालकों, युवाओं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं और सफाईकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया और अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

बच्चों को बांटी चॉकलेट, किसानों से की खेती पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने गांव के बच्चों से पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें चॉकलेट वितरित कर प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से गुलाब, आंवला, लेसवा, जामुन और प्याज जैसी स्थानीय फसलों एवं पारंपरिक खेती की पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जल संरक्षण और नवाचार आधारित खेती से उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि संभव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है।

ग्रामीणों की मांग पर हाथों-हाथ बड़ी घोषणाएं

ग्राम भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई मांगें रखीं, जिन पर उन्होंने मौके पर ही संवेदनशील निर्णय लिए। मुख्यमंत्री ने कड़ेल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही, अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने और बालिका विद्यालय की चारदीवारी निर्माण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को विशेष शिविर आयोजित कर समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

शेषनाग भगवान मंदिर में किए दर्शन

मुख्यमंत्री ने गांव के प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से भी उन्होंने आत्मीय संवाद किया।

ग्रामीणों संग बैठकर पी चाय, सुने अभाव-अभियोग

ग्राम भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ बैठकर चाय पी और गांव के विकास, शिक्षा, खेती-किसानी और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री की सहजता और आत्मीय व्यवहार ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री Suresh Singh Rawat सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।