“आधी आबादी की पूरी भागीदारी”: मुख्यमंत्री का छात्राओं से संवाद, नारी शक्ति वंदन अधिनियम से खुले नए अवसर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल संवाद में छात्राओं का बढ़ाया आत्मविश्वास, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर दिया जोर

“आधी आबादी की पूरी भागीदारी”: मुख्यमंत्री का छात्राओं से संवाद, नारी शक्ति वंदन अधिनियम से खुले नए अवसर

अनन्य सोच। CM Bhajanlal Sharma ने प्रदेशभर की छात्राओं के साथ वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि राजस्थान की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि (Nari Shakti Vandan Adhiniyam) नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तीकरण (Women Empowerment) की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो आधी आबादी की नीति निर्माण में पूरी सहभागिता सुनिश्चित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे महिलाएं अब देश के महत्वपूर्ण निर्णयों में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि बेटियों का दृढ़ आत्मविश्वास ही विकसित भारत के सपने को साकार करेगा।

उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब बेटियां आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी प्रगति करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया यह अधिनियम महिलाओं के नेतृत्व को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रदेश की वित्त मंत्री दिया कुमारी इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि Rajasthan Government महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। लाडो प्रोत्साहन योजना की राशि को 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये किया गया है। मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को 6,500 रुपये की सहायता दी जा रही है। मा वाउचर योजना के माध्यम से निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं की राशि DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है। लखपति दीदी योजना के तहत ऋण सीमा बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये की गई है और प्रदेश में 16 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं। महिला सुरक्षा के लिए 600 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार प्रदाता बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी रोजगार के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।

अब तक 1.25 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और इतनी ही नई भर्तियों का मार्ग प्रशस्त किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में पेपर लीक जैसी समस्याएं थीं, लेकिन वर्तमान सरकार में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।

छात्राओं के अनुभवों से मिली प्रेरणा

संवाद के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए। पचपदरा की केमिकल इंजीनियर श्रेया के साहसिक चयन की मुख्यमंत्री ने सराहना की। ऑस्ट्रेलिया में डेटा साइंस की छात्रा तारुषी ने स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप योजना के लिए आभार व्यक्त किया।

मेयो गर्ल्स कॉलेज की छात्रा नव्या ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को नीति निर्माण में सशक्त भूमिका प्रदान करता है। छात्राओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए आत्मनिर्भर बनने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में विभिन्न जिलों की स्कूलों और कॉलेजों की छात्राएं वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़ीं। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।