दौसा एक्सप्रेस-वे हादसा: बस-ट्रेलर भिड़ंत मामले में जांच दल गठित

कोलवा में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासन हरकत में, कलेक्टर ने 8 सदस्यीय जांच टीम बनाई, राज्यपाल ने भी जताया शोक

Jul 1, 2026 - 13:03
Jul 1, 2026 - 13:14
 0
दौसा एक्सप्रेस-वे हादसा: बस-ट्रेलर भिड़ंत मामले में जांच दल गठित

अनन्य सोच। दौसा जिले की बांदीकुई तहसील स्थित ग्राम कोलवा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। बस और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत में हुई इस दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।

कलेक्टर ने बनाई 8 सदस्यीय जांच टीम

जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया है। इस टीम में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट लालसोट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी दौसा, उपखण्ड मजिस्ट्रेट बांदीकुई, उपखण्ड मजिस्ट्रेट बसवा, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दौसा और iRAD प्रभारी NIC दौसा को शामिल किया गया है। कलेक्टर ने साफ निर्देश दिए हैं कि टीम दुर्घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच करते हुए अपनी विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपे।

हादसे की वजह जानने पर फोकस

एक्सप्रेस-वे जैसे हाई-स्पीड कॉरिडोर पर हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब यह जानने की कोशिश में जुटा है कि आखिर तेज रफ्तार बस और ट्रेलर की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसे रोका जा सकता था। जांच रिपोर्ट में इन तमाम पहलुओं पर रोशनी डाली जाएगी।

राज्यपाल ने जताई संवेदना

इस हादसे की खबर मिलते ही राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना जताई। प्रशासन अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा।