जयपुर में उतरेगा नन्हे सितारों का जलवा, ग्रैंड सफारी में सजेगा 'इंडियाज किड्स रनवे' का मंच
अनन्य सोच। राजधानी जयपुर में इस बार फैशन और ग्लैमर की दुनिया में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। होटल ग्रैंड सफारी के महाराजा हॉल में 26 जुलाई को "इंडियाज किड्स रनवे" का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें नन्हे-मुन्नों की प्रतिभा देखते ही बनेगी। फ्यूजन ग्रुप व अन्य ग्रुप के इस ग्रैंड इवेंट में 3 से 15 वर्ष तक के प्रतिभाशाली बच्चे अपने मॉडलिंग स्किल्स, आत्मविश्वास और शानदार रैंप वॉक से सबका दिल जीतने को तैयार हैं। लेकिन इस मंच तक पहुंचना इतना आसान नहीं था। कार्यक्रम से पहले प्रतिभागियों के लिए दो दिवसीय विशेष ग्रूमिंग एवं मॉडलिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को रैंप वॉक की बारीकियां, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, स्टेज प्रेजेंस और फैशन प्रस्तुति की गहन ट्रेनिंग दी गई। कड़ी मेहनत और चयन प्रक्रिया के बाद राजस्थान के विभिन्न शहरों से 20 किड्स मॉडल्स को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया है, जो अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण वेस्टर्न थीम पर आधारित फैशन शो होगा, जिसमें नन्हे मॉडल्स रंग-बिरंगे और आकर्षक परिधानों में रैंप पर कैटवॉक करते नजर आएंगे। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के मंच बच्चों को कम उम्र में ही अपनी छिपी प्रतिभा को पहचानने और निखारने का शानदार अवसर देते हैं।
आयोजक योगेश मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां जोरों पर हैं। उनका कहना है कि यह मंच बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उन्हें फैशन इंडस्ट्री की झलक भी दिखाएगा। दर्शकों को इस शाम फैशन, ग्लैमर और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा, जो हर किसी के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।