Jaipur LPG tanker blast: गायत्री परिवार बारह स्थानों पर करेगा हुतात्मा शांति महायज्ञ

गोविंद देवजी मंदिर में होगा हरिनाम संकीर्तन

Dec 21, 2024 - 14:10
Dec 22, 2024 - 20:54
 0
Jaipur LPG tanker blast: गायत्री परिवार बारह स्थानों पर करेगा हुतात्मा शांति महायज्ञ

Ananya soch: Jaipur LPG tanker blast

अनन्य सोच। Govind Devji temple: भांकरोटा एलपीजी टैंकर ब्लास्ट के दौरान मारे गए लोगों की आत्म शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से रविवार 22 दिसंबर को एक दर्जन से अधिक स्थानों पर सुबह आठ बजे से हुतात्मा शांति गायत्री महायज्ञ होंगे. इसमें यम गायत्री महामंत्र से यज्ञ कुंडों में जौ-काले तिल से आहुतियां अर्पित की जाएंगी. मुख्य रूप से गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी, गायत्री शक्तिपीठ वाटिका, गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़, मानसरोवर के वेदना निवारण केन्द्र में होंगे. इनके अलावा दुर्गापुरा, जनता कॉलोनी, गांधीनगर, वैशालीनगर, मुरलीपुरा, प्रतापनगर, झोटवाड़ा, नेहरू नगर गायत्री चेतना केन्द्र में भी हुतात्मा शांति गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा. देव पूजन से पूर्व मृतकों की आत्म शांति के लिए मौन रहकर मंत्र जाप किया जाएगा. यज्ञ में गायत्री परिवार के अलावा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी आहुतियां देने आएंगे। यज्ञ निशुल्क हैं. यज्ञ की सभी व्यवस्थाएं यज्ञ स्थल पर रहेगी. 

गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि गायत्री परिवार दारूण दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है. जिन लोगों की मृत्यु हुई हैं उनके परिजन चाहेंगे तो गायत्री परिवार उनके लिए शांतिकुंज हरिद्वार में निशुल्क श्राद्ध-तर्पण की व्यवस्था कराएगा. घर पर भी निशुल्क यज्ञ करवाए जाएंगे. गैस हादसे के दौरान जिन लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों की मदद की उनका गायत्री परिवार सम्मान करेगा. 

गोविंद देवजी मंदिर में होगा हरिनाम संकीर्तन

आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार सुबह नौ से दस बजे तक हरिनाम संकीर्तन होगा. मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि विभिन्न संकीर्तन मंडलों के भक्त और मंदिर में आने वाले दर्शनार्थी मृतकों की आत्म शांति की कामना के साथ एक घंटे के लिए ठाकुरजी के समक्ष हरिनाम संकीर्तन करेंगे.