जवाहर कला केंद्र में दिखा देशभक्ति का अनोखा संगम: पेंटिंग्स, तिरंगा कंसर्ट और विभाजन विभीषिका फिल्मों ने जीता दिलों

BJP संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने किया आर्ट एग्जीबिशन का उद्घाटन, शाम को देशभक्ति गीतों पर झूमे दर्शक, 14 अगस्त को होगी रंगोली प्रतियोगिता भी

Aug 13, 2026 - 17:29
Aug 13, 2026 - 17:31
 0
जवाहर कला केंद्र में दिखा देशभक्ति का अनोखा संगम: पेंटिंग्स, तिरंगा कंसर्ट और विभाजन विभीषिका फिल्मों ने जीता दिलों

अनन्य सोच । जयपुर के जवाहर कला केंद्र में इन दिनों देशभक्ति का माहौल पूरे शबाब पर है। हर घर तिरंगा एवं विभाजन विभीषिका कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार को केंद्र में एक साथ कई खास आयोजन हुए, जिन्होंने कला, संगीत और इतिहास को एक मंच पर ला खड़ा किया।

कार्यक्रम की शुरुआत एक शानदार पेंटिंग एग्जीबिशन से हुई, जिसमें डॉ. प्रेम सिंह चारण सहित शहर के कई नामी कलाकारों ने अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित कीं। इस एग्जीबिशन का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस मौके पर माहौल इतना खास था कि मंच पर संस्कार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवीन्द्र भारती, लोक मंथन संस्कार भारती की उपाध्यक्ष डॉ. मधु भट्ट तैलंग, अतिरिक्त महानिदेशक गोपालराम बिरड़ा, भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह और हर घर तिरंगा अभियान के प्रदेश सह संयोजक आवड़दान चारण जैसी कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। खास बात यह है कि यह एग्जीबिशन सिर्फ एक दिन की नहीं, बल्कि 16 अगस्त तक हर सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी, तो अगर आप कला प्रेमी हैं तो इसे मिस बिल्कुल न करें।

लेकिन दिन यहीं खत्म नहीं हुआ। शाम होते-होते केंद्र का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया, जब एक भव्य तिरंगा कंसर्ट का आयोजन हुआ। इस दौरान वन्दे मातरम्, मेरे देश की धरती, ऐ मेरे वतन के लोगों, कर चले हम फिदा और संदेशे आते हैं जैसे कालजयी देशभक्ति गीतों ने वहां मौजूद हर दर्शक को झूमने पर मजबूर कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और भावुक माहौल ने पूरे इवेंट को यादगार बना दिया।

इसके साथ ही विभाजन विभीषिका पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन भी डोम एरिया में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक किया गया, जो 14 अगस्त को भी जारी रहेगा। वहीं अगले दिन यानी 14 अगस्त को सुबह 9 से साढ़े 12 बजे तक केंद्र के अलग-अलग स्थानों पर रंगोली बनाई जाएगी, जिससे इस पूरे आयोजन में रंग और भी गहरे भरने वाले हैं।