एक साल बाद घर वापसी! हथिनी माधुरी की कोल्हापुर वापसी पर वनतारा ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
अनन्य सोच । करीब एक साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार हथिनी माधुरी की घर वापसी की राह खुल गई है। High-Powered Committee की हरी झंडी मिलते ही अब माधुरी को उसके पुराने ठिकाने कोल्हापुर के नंदनी मठ ले जाया जा रहा है। लेकिन इस वापसी के साथ कुछ सख्त शर्तें भी जुड़ी हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा। आखिर क्यों गई थी माधुरी वनतारा और अब वापसी में क्या रहेगा खास, जानिए पूरी कहानी।
पिछले साल क्यों लाई गई थी माधुरी वनतारा
बात 30 जुलाई 2025 की है, जब हाई-पावर्ड कमेटी के आदेश पर माधुरी को Vantara लाया गया था। संस्था का कहना है कि उसने खुद इस हथिनी की कस्टडी की मांग नहीं की थी, बल्कि आदेश मिलने पर जिम्मेदारी निभाई। बाद में मामला Supreme Court तक पहुंचा और नंदनी मठ की व्यवस्थाओं की भी बारीकी से जांच की गई, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
वापसी के साथ मानने होंगे ये सख्त नियम
कमेटी ने माधुरी को नंदनी भेजने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन साथ में कई कड़ी शर्तें भी रखी हैं। सबसे अहम शर्त यह है कि माधुरी से अब किसी भी तरह का काम नहीं लिया जाएगा और न ही उसे जुलूस जैसे किसी आयोजन में इस्तेमाल किया जा सकेगा। उसकी चौबीसों घंटे देखभाल जरूरी होगी और हर 15 दिन में उसका Health Check-up कराना अनिवार्य रहेगा।
इलाज और निगरानी में वनतारा रहेगा साथ
वनतारा का कहना है कि उपचार और लगातार निगरानी की बदौलत ही माधुरी की सेहत में सुधार आया है, लेकिन पुरानी बीमारियों के चलते नियमित देखभाल आज भी उतनी ही जरूरी है। यही वजह है कि वापसी के बाद भी संस्था के डॉक्टर हर पखवाड़े माधुरी की जांच करने पहुंचेंगे। इतना ही नहीं, नंदनी मठ में उसके रहने की बेहतर व्यवस्था के लिए जरूरी दवाएं, उपकरण और अन्य संसाधन भी वनतारा की ओर से मुहैया कराए गए हैं। संस्था ने सुप्रीम कोर्ट, बॉम्बे हाईकोर्ट और दोनों राज्य सरकारों का आभार जताते हुए कहा कि माधुरी की सेहत और सुरक्षा ही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।