400 युवाओं ने खाई नशे से दूर रहने की कसम, PM मोदी के लाइव संबोधन ने बांधा समां
अजमेर के केंद्रीय विश्वविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत हुआ भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने युवाओं को दिलाई प्रतिज्ञा
अनन्य सोच। रविवार को अजमेर के केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान, किशनगढ़ में एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला जिसने पूरे कैंपस का माहौल जोश और संकल्प से भर दिया। माय भारत अजमेर और केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में करीब 400 युवाओं ने एक स्वर में नशा मुक्त भारत बनाने की प्रतिज्ञा ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे सुनकर युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी रहे, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने की। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी जयेश मीना और NSS कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र रणकावत की भूमिका खास रही। अपने संबोधन में PM मोदी ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज की ऊर्जा को कमजोर करता है, और विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है। वहीं मंत्री भागीरथ चौधरी ने युवाओं से नशा मुक्ति के संदेशवाहक बनने की अपील की। कार्यक्रम में माय भारत स्वयंसेवकों, NSS-NCC कैडेट्स और महाराणा प्रताप युवा मंडल की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन नशे से दूर रहने और समाज में जनजागरूकता फैलाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।