मसालों की खुशबू से महका जयपुर: ‘राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026’ का भव्य शुभारम्भ
जवाहर कला केन्द्र में 26 अप्रैल तक चलेगा मेला, 150 स्टॉल्स पर देशभर के शुद्ध मसाले व उत्पाद उपलब्ध
अनन्य सोच। राजधानी जयपुर में मसालों की खुशबू और सहकारिता की भावना के संग ‘राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026’ (National Cooperative Spice Fair-2026) का आगाज़ हुआ। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने शुक्रवार को Jawahar Kala Kendra के दक्षिण परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा भी मौजूद रहे।
मंत्री दक ने कहा कि सहकारिता विभाग और कॉनफेड द्वारा हर वर्ष आयोजित यह मेला अब अपनी खास पहचान बना चुका है। यह मंच सहकारी संस्थाओं के उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सहकारिता के मूल मंत्र ‘एक सबके लिए, सब एक के लिए’ को साकार करता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन में सहकारी आंदोलन की अहम भूमिका पर भी प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि इस मेले की सफलता को देखते हुए अब जिला स्तर पर भी सहकार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
मेले में इस वर्ष करीब 150 स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहां राजस्थान सहित केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कश्मीर, पंजाब और मध्य प्रदेश की सहकारी संस्थाएं अपने उत्पाद प्रदर्शित और विक्रय कर रही हैं। यहां केरल की काली मिर्च, कश्मीर की केसर, नागौर का जीरा, मथानिया की लाल मिर्च, रामगंजमंडी का धनिया, जालोर की ईसबगोल, सिरोही की सौंफ और बीकानेर के पापड़ जैसे कई खास उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं।
मेले में आगंतुकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मसाले उचित दर पर एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे आमजन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके अलावा, प्रतिदिन लकी ड्रॉ और समापन पर मेगा बंपर ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक रंग भी इस मेले को खास बना रहे हैं। प्रतिदिन अलग-अलग संभागों के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उद्घाटन अवसर पर राजफेड के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ स्वामी सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में सहकारजन उपस्थित रहे।