4 जुलाई को पचपदरा में मोदी, लेकिन हर जिले में बंटेगी सौगात! जानें किस मंत्री को मिला कौन सा जिला

PM नरेन्द्र मोदी करेंगे राजस्थान रिफाइनरी का लोकार्पण, सभी जिला मुख्यालय जुड़ेंगे वर्चुअली, लाभार्थियों को मिलेंगे नियुक्ति व स्वीकृति पत्र, देखें पूरी मंत्रियों की लिस्ट

Jul 2, 2026 - 17:55
Jul 3, 2026 - 09:32
 0
4 जुलाई को पचपदरा में मोदी, लेकिन हर जिले में बंटेगी सौगात! जानें किस मंत्री को मिला कौन सा जिला

अनन्य सोच। राजस्थान के लिए 4 जुलाई का दिन बेहद खास होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पचपदरा से Rajasthan Refinery Project सहित कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। लेकिन खास बात यह है कि यह कार्यक्रम सिर्फ पचपदरा तक सीमित नहीं रहेगा — प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय इस मुख्य कार्यक्रम से Virtual माध्यम से जुड़ेंगे, यानी हर जिले के लोग सीधे इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे।

हर जिले की कमान किसी न किसी मंत्री के हाथ

सरकार ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हर जिले की जिम्मेदारी किसी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री या बोर्ड अध्यक्ष को सौंपी है। डॉ. किरोडी लाल मीणा को सवाई माधोपुर, गजेन्द्र सिंह को नागौर, कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को दौसा और मदन दिलावर को कोटा की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह जोगाराम पटेल जोधपुर, सुमित गोदारा श्रीगंगानगर और सुरेश सिंह रावत झुन्झुनूं में कार्यक्रम संभालेंगे।

राज्य मंत्रियों में गौतम कुमार को चित्तौड़गढ़, हीरालाल नागर को बूंदी, झाबर सिंह खर्रा को खुद जयपुर और संजय शर्मा को सीकर की कमान सौंपी गई है। वहीं ओटाराम देवासी राजसमंद, विजय सिंह डीडवाना-कुचामन और डॉ. मंजू बाघमार ब्यावर में मौजूद रहेंगे।

बोर्ड-आयोग अध्यक्षों को भी मिली अहम जिम्मेदारी

खास बात यह है कि सरकार ने केवल मंत्रियों तक सीमित न रहकर विभिन्न बोर्ड और आयोगों के अध्यक्षों को भी जिलों की जिम्मेदारी दी है। जसवंत सिंह विश्नोई फलौदी, प्रो. गणेशीलाल बाड़मेर, ओंकार सिंह लखावत पाली और अरूण चतुर्वेदी भरतपुर में कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करेंगे। इसके अलावा राजेन्द्र नायक जैसलमेर और ओमप्रकाश भडाना करौली की व्यवस्था देखेंगे।

इस भव्य आयोजन के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र Beneficiaries को स्वीकृति पत्र और नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे, जिससे यह कार्यक्रम आमजन के लिए सीधा लाभदायक साबित होगा।