रिकॉर्ड गर्मी में भी राजस्थान ‘पावरफुल’: भजनलाल सरकार का बड़ा दावा— बिजली संकट खत्म, शिकायतें 41 हजार घटीं

444 नए सब स्टेशन, 7376 मेगावाट सोलर पावर और रातभर मैदान में उतरे इंजीनियर; अब किसानों को दिन में बिजली देने की तैयारी

May 28, 2026 - 17:40
 0
रिकॉर्ड गर्मी में भी राजस्थान ‘पावरफुल’: भजनलाल सरकार का बड़ा दावा— बिजली संकट खत्म, शिकायतें 41 हजार घटीं

अनन्य सोच। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली मांग के बीच राजस्थान सरकार ने बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ा दावा किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश का विद्युत प्रसारण और वितरण तंत्र तेजी से मजबूत हुआ है, जिसके चलते इस बार घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और उद्योगों को बिना कटौती पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले साल की तुलना में “नो करंट” शिकायतों में करीब 41 हजार की कमी दर्ज की गई है।

राज्य सरकार के अनुसार अब तक 33 केवी के 444 नए सब स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 211 पर कार्य जारी है। इसके अलावा 400, 220 और 132 केवी के 59 जीएसएस तैयार किए गए हैं और 145 जीएसएस निर्माणाधीन हैं। सरकार का कहना है कि यह नेटवर्क आने वाले वर्षों में बिजली आपूर्ति की तस्वीर बदल देगा।

ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान तेजी से सोलर हब बनता जा रहा है। कुसुम योजना और रूफटॉप सोलर सहित विभिन्न परियोजनाओं से 7376 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है, जबकि तापीय परियोजनाओं से 7830 मेगावाट क्षमता उपलब्ध है। सरकार ने दावा किया कि 27 मई को रात 10:15 बजे रिकॉर्ड 17,333 मेगावाट मांग को बिना कटौती पूरा किया गया।

गर्मी शुरू होने से पहले डिस्कॉम कंपनियों ने ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने, हजारों फीडरों के विभाजन और अतिरिक्त नेटवर्क विस्तार का बड़ा अभियान चलाया। इसके साथ ही 1129 फॉल्ट रेक्टिफिकेशन टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं, जो शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई कर रही हैं।

सबसे दिलचस्प पहल जयपुर डिस्कॉम की रही, जहां अभियंता रात 8 बजे से 11 बजे तक पीक ऑवर्स में फील्ड में उतरकर भारी लोड वाले ट्रांसफॉर्मरों और फीडरों की निगरानी कर रहे हैं। इससे ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या में राहत मिली है।

सरकार अब 2027 तक किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम कर रही है। ऐसे में आने वाले महीनों में राजस्थान का बिजली मॉडल देशभर में चर्चा का विषय बन सकता है।