राजस्थान में पहली बार! CM भजनलाल शर्मा कल बांटेंगे 13 करोड़ के चेक, इन योजनाओं के लाभार्थियों की खुलेगी किस्मत

इंटरनेशनल MSME डे पर जयपुर में बड़ा आयोजन, इंडस्ट्रियल पॉलिसी से लेकर RAMP पोर्टल तक होंगे लॉन्च, जानिए पूरा शेड्यूल

Jun 26, 2026 - 15:17
Jun 26, 2026 - 15:25
 0
राजस्थान में पहली बार! CM भजनलाल शर्मा कल बांटेंगे 13 करोड़ के चेक, इन योजनाओं के लाभार्थियों की खुलेगी किस्मत

अनन्य सोच। राजस्थान में पहली बार इंटरनेशनल MSME डे (27 जून) के मौके पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाले इस कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण, अनुदान और सब्सिडी के रूप में 13 करोड़ रुपये से अधिक के डमी चेक प्रदान करेंगे। इसके अलावा रीको (RIICO) की योजनाओं के लाभार्थियों को भूमि आवंटन पत्र और ऑफर लेटर भी सौंपे जाएंगे।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह रहेगी कि इस दौरान मुख्यमंत्री राजस्थान इंडस्ट्रियल डवलपमेंट पॉलिसी (Rajasthan Industrial Development Policy), ओडीओपी कॉफी टेबल बुक (ODOP Coffee Table Book) और रैम्प पोर्टल (RAMP Portal यानी Rising and Accelerating MSME Performance) का भी लॉन्च करेंगे। ये तीनों ही पहल राज्य में लघु एवं मध्यम उद्योगों को नई रफ्तार देने वाली मानी जा रही हैं।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, राज्यमंत्री के.के. विश्नोई, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल और आयुक्त नीलाभ सक्सेना सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

बताया जा रहा है कि इस मौके पर कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए जाएंगे, जिनमें एक जिला एक उत्पाद नीति (One District One Product), विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित-आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, एकीकृत कलस्टर विकास योजना, रैम्प और राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन योजना शामिल हैं।

इसके साथ ही रीको की डायरेक्ट लैंड अलॉटमेंट पॉलिसी के तहत आवंटन पत्र और ऑफर लेटर भी दिए जाएंगे, जबकि रेंटल पॉलिसी के अंतर्गत भी लाभार्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे। माना जा रहा है कि यह आयोजन राज्य में MSME सेक्टर को बड़ा बूस्ट देने वाला साबित होगा और आने वाले समय में हजारों युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेगा।