90 हजार अभ्यर्थी, 234 सेंटर, 38 उड़नदस्ते: कल होगी लिपिक भर्ती परीक्षा, जानें एंट्री टाइम से लेकर सुरक्षा तक हर जरूरी बात!
अनन्य सोच। अगर आप भी कल होने वाली राजस्थान की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक में शामिल होने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। जरा सी लापरवाही आपका पूरा साल बर्बाद कर सकती है, इसलिए हर डिटेल ध्यान से पढ़ें।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) द्वारा आयोजित लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 (Clerk Grade-II Recruitment Exam 2026) रविवार, 5 जुलाई को दो पारियों में आयोजित होगी। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 234 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 75 राजकीय और 159 निजी परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इस परीक्षा में करीब 90 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें से 18,456 अभ्यर्थी राजकीय केंद्रों पर और 71,544 अभ्यर्थी निजी केंद्रों पर परीक्षा देंगे। यह आंकड़ा साफ बताता है कि यह परीक्षा कितने बड़े स्तर पर आयोजित हो रही है।
अभ्यर्थियों के लिए सबसे जरूरी जानकारी है टाइमिंग की। पहला प्रश्न-पत्र सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा, जबकि दूसरा प्रश्न-पत्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पहली पारी के लिए प्रवेश सुबह 7:30 बजे से शुरू होगा और सुबह 8:30 बजे के बाद किसी को भी एंट्री नहीं मिलेगी। वहीं दूसरी पारी के लिए एंट्री दोपहर 1:00 बजे से शुरू होकर दोपहर 2:00 बजे बंद हो जाएगी। यानी थोड़ी सी भी देरी अभ्यर्थियों के लिए भारी पड़ सकती है।
पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी (CCTV) और बायोमेट्रिक (Biometric) व्यवस्था लागू रहेगी। इसके अलावा परीक्षा की सतत निगरानी के लिए 38 उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो लगातार केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए उपसमन्वयक, सतर्कता दल सदस्य, केंद्राधीक्षक और वीक्षक सहित सभी जरूरी अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। साथ ही जिला कलक्ट्रेट के प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या 116 में एक विशेष नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान हो सके।
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने, प्रवेश पत्र व वैध फोटो पहचान-पत्र साथ लाने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।