जयपुर में सजेगी सुरों की महफिल, 'SOUND OF MUSIC 2.0' में गूंजेंगे यादगार नगमे
अगर आप संगीत के दीवाने हैं तो जयपुर में इस रविवार एक ऐसी शाम आपका इंतजार कर रही है, जो आपको सुरों की दुनिया में खो देगी। जानिए कहां और कैसे उठा सकते हैं इस खास कार्यक्रम का लुत्फ।
अनन्य सोच। जयपुर की मशहूर संस्था सुकून सुर रागिनी संगीत प्रेमियों के लिए एक खास शाम लेकर आ रही है। संस्था 9 अगस्त 2026, रविवार को शाम 5 बजे राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) के Mini Auditorium-1 में "SOUND OF MUSIC 2.0 - A Live Music Singing Evening" का आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न शहरों से आए प्रतिभाशाली गायक-गायिकाएं अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को एक अविस्मरणीय म्यूजिकल जर्नी पर ले जाएंगे। सदाबहार फिल्मी गीत, गजलें, युगल गीत और लोकप्रिय संगीत की प्रस्तुतियां इस शाम को और खास बनाएंगी।
संस्था की डायरेक्टर नीरा राजबंशी ने बताया कि यह सिर्फ एक म्यूजिक इवेंट नहीं, बल्कि यादगार धुनों और भावनात्मक अभिव्यक्तियों का उत्सव है, जो हर संगीत प्रेमी के दिल को छू जाएगा।
कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर आयुषी कुलश्रेष्ठ और मुकुल कुलश्रेष्ठ के मुताबिक, संस्था पिछले कई वर्षों से इस तरह के म्यूजिकल इवेंट्स सफलतापूर्वक आयोजित कर रही है। इनका मकसद है लोगों को आज की भागदौड़ भरी और तनावभरी जिंदगी से कुछ पल का सुकून देना। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट IPTV और OTT प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश-विदेश में भी किया जाएगा, यानी विदेशों में बसे भारतीय भी इस महफिल का आनंद अपने घर बैठे ले सकेंगे।
संस्था के मैनेजर जितेंद्र नाग ने बताया कि इवेंट की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कलाकार पिछले कई दिनों से लगातार रिहर्सल कर रहे हैं, ताकि दर्शकों को बेहतरीन और यादगार परफॉर्मेंस मिल सके। साउंड और स्टेज अरेंजमेंट को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं।
संस्था के प्रशासनिक सदस्य कर्नल बी एल माथुर, अनुपमा माथुर और मुकेश मुटरेजा ने कहा कि यह शाम सुर, संगीत और भावनाओं से सजी एक यादगार संध्या साबित होगी। आयोजकों ने जयपुर और आसपास के सभी संगीत प्रेमियों से परिवार सहित इस उत्सव में शामिल होने की अपील की है।