अब नेटफ्लिक्स पर दिखेगी भारत की असली कहानी! सरकार और OTT दिग्गज ने मिलाया हाथ, पर्यटन की दुनिया में मचेगी हलचल
टेड सारंडोस और गजेंद्र सिंह शेखावत की खास मुलाकात में हुआ बड़ा ऐलान, अब स्क्रीन देखकर सीधे बुक कर सकेंगे अपनी अगली ट्रिप
अनन्य सोच। भारत की पर्यटन दुनिया के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। Tourism Ministry ने Culture Ministry और ग्लोबल स्ट्रीमिंग दिग्गज Netflix के साथ मिलकर एक खास साझेदारी की है, जिसका मकसद कहानी कहने की कला के जरिए भारत के पर्यटन अनुभवों को दुनियाभर में पहुंचाना है। यह ऐलान नेटफ्लिक्स के भारत में एक दशक पूरा होने के मौके पर किया गया। लेकिन इस पार्टनरशिप से आम पर्यटकों को क्या फायदा मिलेगा, यह जानना बेहद दिलचस्प है।
दिल्ली स्थित नैशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) में आयोजित इस खास कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और नेटफ्लिक्स के सह-CEO टेड सारंडोस ने अनौपचारिक बातचीत की। इस दौरान चर्चा हुई कि कैसे सच्ची कहानियां लोगों को यात्रा के लिए प्रेरित कर सकती हैं और भारत की Global Soft Power को मजबूत कर सकती हैं।
इस साझेदारी की सबसे खास बात यह है कि पर्यटन मंत्रालय ने अपने Incredible India डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'As Seen On Netflix' नाम का नया फीचर जोड़ा है। अब यात्री सीधे यह जान सकेंगे कि नेटफ्लिक्स के किन लोकप्रिय शो और फिल्मों में भारत की कौन-कौन सी जगहें दिखाई गई हैं। यानी अब स्क्रीन पर देखी गई खूबसूरत लोकेशन को असल जिंदगी में एक्सप्लोर करना पहले से कहीं आसान हो जाएगा।
मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि संस्कृति, विरासत और पर्यटन को जोड़ने वाला एक सेतु है। उन्होंने कहा कि हर भारतीय कहानी में दुनिया में कहीं भी किसी को भारत अनुभव करने के लिए प्रेरित करने की ताकत है। वहीं पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि सरकार और क्रिएटिव इंडस्ट्री के बीच ऐसी रणनीतिक साझेदारियां अब डेस्टिनेशन को खोजने और अनुभव करने के तरीके को पूरी तरह बदल रही हैं।
इस मौके पर भारत के वन्यजीवों और सांस्कृतिक विरासत पर बनी दो खास फिल्में भी दिखाई गईं। यह साझेदारी आने वाले समय में भारत को दुनिया के पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शुमार कराने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।