जयपुर की ऊषा दशोरा की फिल्म का बड़ा कमाल: ‘मैंने कभी चिड़िया नहीं देखी’ दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में चयनित

अविनाश।

Apr 22, 2026 - 14:36
Apr 23, 2026 - 09:03
 0

अनन्य सोच। जयपुर की प्रख्यात कथाकार एवं फिल्म निर्देशक ऊषा दशोरा ने एक बार फिर शहर का नाम रोशन किया है। उनकी फिल्म “मैंने कभी चिड़िया नहीं देखी” का चयन प्रतिष्ठित दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 के लिए किया गया है। यह बहुचर्चित आयोजन 4 से 8 मई तक नई दिल्ली में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित होगा। फिल्म का प्रदर्शन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और डॉ. आंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में किया जाएगा।

करीब 70 मिनट की इस फिल्म की खास बात यह है कि इसकी पटकथा और निर्देशन स्वयं ऊषा दशोरा ने किया है। हिंदी और राजस्थानी भाषा में बनी यह फिल्म बाल मनोविज्ञान और पर्यावरण चेतना जैसे संवेदनशील विषयों को केंद्र में रखती है। इसमें बच्चों के मन में प्रकृति, पक्षियों और धरती के प्रति जिज्ञासा, लगाव और धीरे-धीरे बढ़ती दूरी को बेहद प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है।

ऊषा दशोरा का कहना है कि यह फिल्म केवल एक कहानी नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक प्रश्न भी उठाती है—क्या आज के बच्चे प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं? फिल्म इसी चिंता को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती है और दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है।

उन्होंने बताया कि इस चयन से पूरी टीम को नई ऊर्जा और उत्साह मिला है। साथ ही, यह उपलब्धि क्षेत्रीय सिनेमा, विशेष रूप से राजस्थानी फिल्म जगत को नई पहचान दिलाने में भी सहायक साबित होगी।

इस चयन को जयपुर और राजस्थान के रचनात्मक परिदृश्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो स्थानीय कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।