150 साल का 'वन्दे मातरम्' नए अंदाज में गाएगा जयपुर, 50 कलाकार मिलकर रचेंगे इतिहास!

जवाहर कला केंद्र में 14 अगस्त को सजेगी 'हम गीत वतन के गायेंगे' की महफिल, राष्ट्रगीत की नई धुन बनी सबसे बड़ा आकर्षण; एंट्री बिल्कुल फ्री।

Aug 7, 2026 - 18:24
Aug 7, 2026 - 18:26
 0
150 साल का 'वन्दे मातरम्' नए अंदाज में गाएगा जयपुर, 50 कलाकार मिलकर रचेंगे इतिहास!

अनन्य सोच । आजादी की पूर्व संध्या पर जब पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगने की तैयारी कर रहा है, राजधानी जयपुर एक अलग ही अंदाज में राष्ट्रभक्ति का जश्न मनाने जा रही है। पिछले दो दशकों से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दर्शक संस्था 14 अगस्त की शाम 6.30 बजे जवाहर कला केन्द्र (JKK) में अपना प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन 'हम गीत वतन के गायेंगे' लेकर आ रही है। लेकिन इस बार आयोजन में एक खास चीज है, जो इसे बाकी सालों से अलग बनाती है।

दरअसल, इस साल भारत का राष्ट्रीय गीत 'वन्दे मातरम्' अपने 150 वर्ष पूरे कर रहा है, और इसी उपलक्ष्य में कार्यक्रम में इसकी एक बिल्कुल नई, भव्य और संगीतमय प्रस्तुति (New Musical Rendition) दी जाएगी। मशहूर संगीतकार राजीव भट्ट ने इस राष्ट्रगीत को पूरी तरह नए कलेवर में स्वरबद्ध किया है, जिसे सुनने के लिए शहरवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

कार्यक्रम की संयोजिका प्रोमिला 'राजीव' के अनुसार, दर्शक संस्था बीते 20 वर्षों से स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) पर इस मंच के जरिए समाज में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देती आई है। कार्यक्रम का संचालन खुद प्रोमिला करेंगी, जबकि नृत्य निर्देशन की कमान राधिका कल्चरल सोसायटी की गुरु रेखा सैनी संभालेंगी। मौलिक रचनाओं के साथ-साथ लोकप्रिय फिल्मी देशभक्ति गीत भी सामूहिक स्वर में गूंजेंगे।

इस भव्य आयोजन में शिखा भट्ट, मनोहर पोपली, प्रशान्त अजमेरा सहित करीब 50 कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, वहीं की-बोर्ड पर अवनीश गोस्वामी, गिटार पर संजय माथुर और तबले पर सावन डांगी जैसे कुशल संगतकार इस प्रस्तुति में चार चांद लगाएंगे। खास बात यह है कि 50 गायक-गायिकाओं की मौजूदगी के साथ यह प्रदेश का सबसे बड़ा कोरल ग्रुप (Biggest Coral Group) माना जा रहा है।

संस्था का मकसद साफ है, युवा पीढ़ी के दिलों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की अलख जगाना। इच्छुक गायकों के लिए भी इस मुहिम से जुड़ने का दरवाजा खुला है, और सबसे बड़ी बात, यह कार्यक्रम सभी दर्शकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। तो 14 अगस्त की शाम अपनी डायरी में जरूर नोट कर लें।