WTC फाइनल की रेस: भारत को चाहिए 7 में से 6 जीत, वरना खत्म हो जाएगा सपना!

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल की दौड़ अब सांसें रोक देने वाले मोड़ पर पहुंच गई है। टीम इंडिया का सफर आसान नहीं रहा और अब हर एक मैच उसके लिए करो या मरो जैसा बन चुका है।

Aug 29, 2026 - 08:29
Aug 29, 2026 - 22:19
 0
WTC फाइनल की रेस: भारत को चाहिए 7 में से 6 जीत, वरना खत्म हो जाएगा सपना!

अनन्य सोच। श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने से भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। 12 अंकों की जगह टीम इंडिया को सिर्फ 4 अंक ही मिल पाए, जिससे उसकी फाइनल की उम्मीदों को गहरा नुकसान पहुंचा। मौजूदा साइकल में भारत ने अब तक 11 मुकाबलों में से 5 जीत दर्ज की हैं और उसके नाम 51.52% पॉइंट्स हैं। पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया फिलहाल पांचवें स्थान पर खिसक चुकी है।

फाइनल का टिकट पक्का करने के लिए किसी भी टीम को कम से कम 60% अंक हासिल करने होंगे। भारत के पास अब सिर्फ 7 टेस्ट मैच बचे हैं और इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए उसे 62 पॉइंट्स चाहिए। इसका मतलब साफ है — टीम इंडिया को कम से कम 5 मुकाबले जीतने होंगे और एक ड्रॉ भी करानी होगी। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि आगे भारत का सामना न्यूजीलैंड (विदेशी दौरे पर) और ऑस्ट्रेलिया (घरेलू सीरीज) जैसी मजबूत टीमों से होना है।

दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका फाइनल की रेस में सबसे मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने मैके टेस्ट में बांग्लादेश को हराकर अपनी दावेदारी और पुख्ता कर ली है। वहीं न्यूजीलैंड और बांग्लादेश भी इस रेस में पूरी तरह जिंदा हैं। श्रीलंका और इंग्लैंड के लिए राह अब लगभग मुश्किल हो चुकी है, जबकि पाकिस्तान और वेस्ट इंडीज पहले ही फाइनल की दौड़ से बाहर हो चुके हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया इस कठिन चुनौती को पार कर पाएगी, या फिर एक बार फिर फाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी।