40 साल का सूखा खत्म! राजस्थान के बसंत ने हाई जंप में रचा इतिहास, जीता सिल्वर मेडल
अमेरिका की धरती पर एक भारतीय एथलीट ने वो कर दिखाया जो पिछले चार दशकों में कोई नहीं कर पाया था। जानिए कैसे बसंत कुमार मेघवाल ने महज एक कदम की छलांग से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया।
अनन्य सोच। भारत के बसंत कुमार मेघवाल (Basant Kumar Meghwal) ने वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैम्पियनशिप (World Athletics U20 Championship) में इतिहास रच दिया है। उन्होंने पुरुषों की हाई जंप (High Jump) स्पर्धा में 2.21 मीटर की जबरदस्त छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही वे इस वर्ल्ड चैम्पियनशिप के 40 साल के इतिहास में हाई जंप इवेंट में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के महज 19 वर्षीय बसंत ने 2.21 मीटर की जंप के साथ अपने पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन की भी बराबरी कर ली। यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं आंका जा रहा।
मुकाबले में बसंत को मामूली अंतर से गोल्ड मेडल से चूकना पड़ा। अल्जीरिया के यूनुस अयाची (Younes Ayachi) ने गोल्ड और ब्रिटेन के ओटिस पूल (Otis Poole) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। दिलचस्प बात यह रही कि पोडियम पर रहे तीनों खिलाड़ियों ने 2.21 मीटर की ऊंचाई सफलतापूर्वक पार की थी, लेकिन 2.24 मीटर का मार्क कोई भी पार नहीं कर सका।
ऐसे में नतीजे तय करने के लिए 'काउंटबैक' (Countback) नियम का सहारा लिया गया। इस नियम के तहत अयाची को गोल्ड मिला, क्योंकि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर ली थी। वहीं बसंत ने यह मुकाम अपने दूसरे प्रयास में हासिल किया, जबकि ओटिस पूल तीसरे प्रयास में सफल हुए थे।
बसंत की इस चांदी की चमक ने भारत के मौजूदा टूर्नामेंट के मेडल टैली को भी मजबूत किया है। भारत अब तक इस चैम्पियनशिप में कुल तीन मेडल अपने नाम कर चुका है। हाई जंप जैसी तकनीकी और चुनौतीपूर्ण स्पर्धा में यह ऐतिहासिक सिल्वर भारतीय एथलेटिक्स के भविष्य के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरा है।