बीजेपी में बड़ा फेरबदल! राजस्थान की कमान संजय भाटिया को, जानें किस राज्य में किसे मिली जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को नई धार देने के लिए एक बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की सूची जारी कर दी गई है, जिसमें राजस्थान समेत कई अहम राज्यों में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अनन्य सोच । भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (Union Territories) के लिए प्रभारियों और सह-प्रभारियों (State In-charge and Co-in-charge) की नई सूची जारी की है। इस सूची में पार्टी के कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राजस्थान (Rajasthan) की बात करें तो यहां संजय भाटिया को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि उनके साथ कविता पाटीदार और कुलजीत चहल को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा पड़ोसी राज्य पंजाब की जिम्मेदारी डॉ. सतीश पूनिया को दी गई है, जिनके साथ वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर सह-प्रभारी के तौर पर कार्य करेंगे। गौरतलब है कि डॉ. सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) का प्रभार विनोद तावड़े को मिला है, तो वहीं उत्तराखंड की कमान राम माधव को सौंपी गई है, जो तमिलनाडु के भी प्रभारी बनाए गए हैं। मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देव और महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को जिम्मेदारी दी गई है। हरियाणा और छत्तीसगढ़ की प्रभारी स्मृति ईरानी होंगी, जबकि गुजरात का प्रभार तरुण चुग को मिला है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई बदलाव देखने को मिले हैं। असम के प्रभारी मंगल पांडे, त्रिपुरा के मृगांका देव वर्मन और मणिपुर के प्रभारी डॉ. राजदीप रॉय बनाए गए हैं। बिहार और कर्नाटक की संयुक्त जिम्मेदारी हरीश द्विवेदी को सौंपी गई है। इसके अलावा दिल्ली में डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, गोवा में डॉ. भारती प्रवीन पवार और केरल में प्रो. एम. नागराजा को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह नियुक्तियां आगामी संगठनात्मक चुनावों और विभिन्न राज्यों में होने वाली राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए की गई हैं, ताकि हर राज्य में संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाया जा सके।