BRICS Theatre Festival 2026: का NSD में शुभारंभ, 9 देशों की नाट्य परंपराओं का संगम, शेखावत बोले- संस्कृति जोड़ती है समाज
नई दिल्ली के राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में ब्रिक्स थिएटर महोत्सव 2026 शुरू हुआ। 14 अक्टूबर तक चलने वाले महोत्सव में 9 देश भाग ले रहे हैं, टिकट 200 रुपए। 5 Tags:
अनन्य सोच । राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) में सोमवार को ब्रिक्स थिएटर महोत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। संस्कृति मंत्रालय द्वारा भारत की BRICS अध्यक्षता 2026 के तहत आयोजित यह तीन दिवसीय महोत्सव 14 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें भारत, थाईलैंड, इंडोनेशिया, रूस, ईरान, वियतनाम, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान और इथियोपिया के कलाकार, विद्वान, छात्र और सांस्कृतिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह आयोजन नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल समापन के बाद हो रहा है।
उद्घाटन समारोह और शेखावत का संदेश
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि रहे। संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल, विदेश मंत्रालय के सचिव (आर्थिक संबंध) व भारत के BRICS शेरपा सुधाकर दलेला और NSD निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी भी मौजूद रहे। प्रतिभागी देशों के राजदूत और मिशन प्रमुख भी समारोह में शामिल हुए। शेखावत ने कहा कि कूटनीति राष्ट्रों को संवाद में सक्षम बनाती है और आर्थिक सहयोग उन्हें समृद्ध करता है, जबकि संस्कृति समाजों को एक-दूसरे को समझने में सक्षम बनाती है और राजनीतिक सीमाओं से परे संबंध बनाती है।
पहले दिन 'समुद्र मंथन' का मंचन
महोत्सव के पहले दिन आसिफ अली लिखित नाटक 'समुद्र मंथन' का मंचन अभिमंच सभागार में हुआ। इसका डिजाइन, निर्देशन और संगीत NSD निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी ने संभाला। कार्यक्रम NSD के अभिमंच और सम्मुख सभागार, कमानी सभागार, LTG सभागार और मेघदूत थिएटर में होंगे। टिकट BookMyShow पर 200 रुपए प्रति टिकट उपलब्ध हैं। रूस के दो थिएटर समूह और भारत की दो प्रस्तुतियां शामिल हैं, जिनमें शास्त्रीय, समकालीन और प्रयोगात्मक रंगमंच देखने को मिलेगा।
Workshops और BRICS Culture Track
प्रदर्शनों के अगले दिन सुबह निर्देशकों, कलाकारों और क्रू सदस्यों के साथ संवादात्मक कार्यशालाएं और चर्चा सत्र होंगे, जिनमें अभिनय पद्धतियों और मंचकला पर बात होगी। NSD इस महोत्सव की नोडल एजेंसी है। ब्रिक्स संस्कृति ट्रैक सांस्कृतिक व रचनात्मक उद्योगों में सहयोग, विरासत संरक्षण और सतत विकास में संस्कृति की भूमिका को प्राथमिकता देता है।