चूरू में कारगिल शहीदों को नमन, केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने वीरांगनाओं को दी सलामी – जानें पूरा मामला
कारगिल विजय दिवस पर चूरू में देशभक्ति की अनोखी मिसाल देखने को मिली, जब केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल खुद वीरगति स्मारक पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ कुछ खास पहल भी की, जो चर्चा का विषय बनी हुई है।
अनन्य सोच। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को चूरू जिला मुख्यालय स्थित वीरगति स्मारक पर एक भावुक कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके साहस और वीरता को नमन किया गया।
इस मौके पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ एडीएम अर्पिता सोनी, एएसपी सुनील कुमार, बसंत शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक, NCC कैडेट्स और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर मौन धारण करते हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के शौर्य और अदम्य राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में अद्वितीय साहस दिखाते हुए मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी वीरगाथाएं आज भी युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करती हैं।
लेकिन कार्यक्रम में सबसे खास पल तब आया जब मंत्री मेघवाल ने वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के तहत खुद साइकिल चलाकर स्वास्थ्य और पर्यावरण को लेकर लोगों को जागरूक किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अनिल कुमार पूनियां ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि और भारतीय सेना के अदम्य साहसिक अभियानों की विस्तृत जानकारी दी, जिसे सुनकर उपस्थित लोग भावुक हो उठे।