‘कोलाज ऑफ किलकारी 2026’ का भव्य पोस्टर विमोचन: जयपुर में बच्चों के थिएटर को मिलेगा नया मंच

‘कोलाज ऑफ किलकारी 2026’ का भव्य पोस्टर विमोचन: जयपुर में बच्चों के थिएटर को मिलेगा नया मंच

अनन्य सोच। राजस्थान में बच्चों और किशोरों के थिएटर को नई दिशा देने वाले 19वें कोलाज ऑफ किलकारी 2026 के पोस्टर का भव्य विमोचन आज सचिवालय में किया गया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के चीफ सेक्रेटरी वी. श्रीनिवास और कला-संस्कृति विभाग की डिप्टी सेक्रेटरी अनुराधा गोगिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

यह आयोजन नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की चिल्ड्रंस थिएटर विंग, वेस्ट जोन कल्चरल सेंटर और क्यूरियो चिल्ड्रंस थिएटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। अधिकारियों ने इस पहल को प्रदेश में बच्चों और टीनएजर्स के लिए थिएटर वर्कशॉप के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

चीफ सेक्रेटरी वी. श्रीनिवास और डिप्टी सेक्रेटरी अनुराधा गोगिया ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने क्यूरियो चिल्ड्रंस थिएटर द्वारा आयोजित इस प्रोडक्शन-ओरिएंटेड वर्कशॉप की सराहना करते हुए इसे सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

यह वर्कशॉप 17 मई से जयपुर शहर के विभिन्न निजी स्कूलों में आयोजित की जाएगी, जहां बच्चों को अभिनय, अभिव्यक्ति, मंच संचालन और थिएटर की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को एक रचनात्मक मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है।

इस अवसर पर किलकारी टीम के गगन मिश्रा और नंदा भी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।