हर इंसान के अंदर छुपा है एक "चोर"? आमेर में मंचित नाटक ने झकझोरा, सत्ता-भ्रष्टाचार पर तीखा वार

क्या ईमानदारी का मुखौटा पहनकर भी इंसान कहीं न कहीं चोरी कर ही रहा है? आमेर में मंचित एक व्यंग्य नाटक ने इस सवाल को इतनी गहराई से उठाया कि दर्शक देर तक सोचते रह गए। जानिए कैसे एक आम इंसान की कहानी सत्ता के शिखर तक पहुंचने की दर्दनाक यात्रा बन गई।

Jun 22, 2026 - 09:41
Jun 22, 2026 - 09:42
 0
हर इंसान के अंदर छुपा है एक "चोर"? आमेर में मंचित नाटक ने झकझोरा, सत्ता-भ्रष्टाचार पर तीखा वार

अनन्य सोच। श्री दिगम्बर जैन मंदिर कीर्ति स्तंभ नसियाँ सभागार में विश्व योग दिवस के अवसर पर लहर डांस ग्रुप के समर हॉबी क्लासेस के समापन समारोह में नाटकवाला कला मंच, आमेर द्वारा व्यंग्य नाटक "एक चोर की आत्मकथा" का प्रभावशाली मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन संस्था के निदेशक ओम प्रकाश सैनी ने किया, जबकि प्रसिद्ध रंगलेखक विमल कुमार द्वारा लिखित इस रचना का नाट्य रूपांतरण दिलीप गुप्ता ने किया। एक घंटा बीस मिनट की इस प्रस्तुति ने समाज, राजनीति, भ्रष्टाचार और पाखंड पर तीखा कटाक्ष किया।

नाटक की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जो चोर नहीं बनना चाहता, बल्कि एक अच्छा इंसान बनकर जीवन जीना चाहता है। लेकिन परिस्थितियां उसे चोरी की दुनिया में धकेल देती हैं, और संघर्ष करते-करते वह सत्ता के शिखर तक पहुंच जाता है। इस सफर के माध्यम से व्यवस्था, सत्ता, चुनाव, नैतिक पतन और सामाजिक विडंबनाओं पर गहरा प्रहार किया गया, जिसने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया।

यह मंचन "नाटकवाला अभिनयशाला" नामक 11 दिवसीय अभिनय एवं रंगमंच कार्यशाला का समापन प्रस्तुति थी, जो 10 से 21 जून तक जवाहर कला केंद्र के मुक्ताकाशी रंगमंच पर आयोजित हुई। निर्देशक ओम प्रकाश सैनी ने बताया कि अनुशासन और सामूहिक प्रयास से कम समय में भी प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति तैयार की जा सकती है। उन्होंने संस्था की "घर-घर रंगमंच – हर दर रंगमंच" मुहिम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इसका लक्ष्य नए कलाकारों को मंच देना और रंगमंच को जन-जन तक पहुंचाना है।

नाटक में निमिष दाधीच, मानवेन्द्र सिंह, सिमरन महावर, आरोही टिंकर एवं ओम प्रकाश सैनी ने अभिनय किया। समारोह में कलाकारों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, और भाजपा किसान युवा मोर्चा आमेर अध्यक्ष विश्वास सैनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।