शूटआउट में टूटा भारत का सपना! बेल्जियम ने छीना जीत का मौका, 8वें नंबर पर सिमटी टीम इंडिया

हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का सफर एक रोमांचक मगर दर्दभरे अंत के साथ खत्म हुआ। मेजबान बेल्जियम ने शूटआउट में भारत के अरमानों पर पानी फेर दिया।

Aug 29, 2026 - 08:27
Aug 29, 2026 - 17:54
 0
शूटआउट में टूटा भारत का सपना! बेल्जियम ने छीना जीत का मौका, 8वें नंबर पर सिमटी टीम इंडिया

अनन्य सोच। हॉकी वर्ल्ड कप के स्थान निर्धारण मुकाबले में भारतीय टीम को करारा झटका लगा है। मेजबान बेल्जियम ने टीम इंडिया को रोमांचक शूटआउट में 4-3 से हराकर सातवां स्थान अपने नाम कर लिया, जबकि भारत को आठवें नंबर पर संतोष करना पड़ा। मुकाबला निर्धारित समय तक 3-3 की बराबरी पर खत्म हुआ था, जिसके बाद नतीजा शूटआउट के जरिए निकाला गया।

भारत की ओर से नियमित समय में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जिनमें से एक गोल उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर मैच के आखिरी मिनट में किया। इसके अलावा अभिषेक ने भी छठे मिनट में एक शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई थी। लेकिन जब बात शूटआउट की आई, तो किस्मत ने बेल्जियम का साथ दिया। भारत की तरफ से शूटआउट में शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह और अभिषेक ने गोल किए, लेकिन यह जीत के लिए काफी नहीं रहा। दूसरी ओर, प्रो लीग चैम्पियन बेल्जियम के लिए टॉम बून, आर्थर डि स्लोवर, एलेक्जेंडर हेन्ड्रिंक्स और रोमन ड्यूवकोट ने गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।

इस हार के बावजूद हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम के लिए खुशखबरी का ऐलान किया है। महिला वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक पांचवां स्थान हासिल करने पर हॉकी इंडिया ने टीम के लिए 50 लाख रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है। हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि की सराहना की। कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में भारतीय महिला टीम ने जर्मनी को 3-1 से मात देकर साल 1974 के बाद अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन दर्ज किया, जब टीम चौथे स्थान पर रही थी।

पुरुष टीम की यह हार जरूर निराश करने वाली रही, लेकिन महिला टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारतीय हॉकी प्रेमियों के चेहरे पर मुस्कान जरूर ला दी है।