जयपुर से सूरत जाने वालों के लिए बुरी खबर! ATF की महंगाई पड़ी भारी, IndiGo ने हफ्ते में इन दो दिन ठप की उड़ान

अगर आप भी जयपुर से सूरत का सफर हवाई मार्ग से करने की सोच रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें, क्योंकि बढ़ती लागत ने अब आपकी यात्रा योजना को सीधा झटका दे दिया है।

Jul 28, 2026 - 17:16
Jul 28, 2026 - 20:54
 0
जयपुर से सूरत जाने वालों के लिए बुरी खबर! ATF की महंगाई पड़ी भारी, IndiGo ने हफ्ते में इन दो दिन ठप की उड़ान

अनन्य सोच। विमानन कंपनियों की परिचालन लागत लगातार बढ़ने का असर अब सीधे उड़ानों के संचालन पर दिखने लगा है। Aviation Turbine Fuel (ATF) की कीमतों में हुई बढ़ोतरी और अन्य परिचालन कारणों के चलते एयरलाइंस कई सेक्टरों में अपनी फ्लाइट्स की संख्या घटा रही हैं। इसी कड़ी में IndiGo एयरलाइन ने जयपुर–सूरत रूट पर बड़ा फैसला लेते हुए अपनी एकमात्र सीधी उड़ान के संचालन में कटौती कर दी है।

पहले सातों दिन चलती थी फ्लाइट, अब दो दिन बंद

जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट पहले सप्ताह के सातों दिन बिना किसी रुकावट के संचालित होती थी, लेकिन अब कंपनी ने मंगलवार और गुरुवार को इसका संचालन पूरी तरह बंद कर दिया है। जयपुर से यह उड़ान प्रतिदिन दोपहर 2:05 बजे सूरत के लिए रवाना होती थी, लेकिन अब यात्रियों को हफ्ते के इन दो दिनों में इस सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा।

इकलौती सीधी सेवा बंद होने से यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किल

सबसे बड़ी बात यह है कि जयपुर–सूरत रूट पर IndiGo की यही एकमात्र सीधी सेवा उपलब्ध थी। ऐसे में हफ्ते में दो दिन उड़ान बंद रहने से यात्रियों को अब वैकल्पिक रास्ते तलाशने पड़ सकते हैं, जिससे न सिर्फ समय बल्कि जेब पर भी असर पड़ने की आशंका है। व्यापारिक और निजी कारणों से लगातार सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह फैसला किसी झटके से कम नहीं है।

एयरलाइंस कर रही नेटवर्क का पुनर्गठन

विमानन क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि बढ़ती लागत और परिचालन संबंधी चुनौतियों के चलते फिलहाल कई एयरलाइंस अपने पूरे नेटवर्क का पुनर्गठन कर रही हैं। ऐसे में आने वाले समय में अन्य रूट्स पर भी इसी तरह की कटौती देखने को मिल सकती है, जिससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बेहद सावधानी से बनानी होगी।