मानसरोवर में देर रात कोहराम! बेकाबू थार ने डिफेंडर को मारी टक्कर, ऑटो में सवार तीन कुल्फी विक्रेता घायल, चालक फरार

रविवार देर रात जयपुर की सड़कों पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक बेकाबू थार ने न सिर्फ खुद पलटी खाई बल्कि दो और वाहनों को अपनी चपेट में लेकर तीन मासूम जिंदगियों को खतरे में डाल दिया।

Aug 31, 2026 - 11:25
Aug 31, 2026 - 11:35
 0
मानसरोवर में देर रात कोहराम! बेकाबू थार ने डिफेंडर को मारी टक्कर, ऑटो में सवार तीन कुल्फी विक्रेता घायल, चालक फरार

अनन्य सोच। मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के समीप रविवार देर रात करीब 1:30 बजे तेज रफ्तार से आ रही एक थार बेकाबू होकर सीधे एक डिफेंडर कार से जा टकराई। इतना ही नहीं, हादसे की चपेट में बगल से गुजर रहा एक इलेक्ट्रिक ऑटो भी आ गया, जिसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज जारी है।

हेड कांस्टेबल महेंद्र पाल ने बताया कि यह हादसा मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पुल के ठीक नीचे हुआ। गुर्जर की थड़ी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थार घुमाव पर मोड़ते समय अचानक अनियंत्रित होकर पलटी खा गई और करीब 200 फीट दूर खड़ी एक डिफेंडर कार से जा भिड़ी। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि पास से गुजर रहा इलेक्ट्रिक ऑटो भी इसकी चपेट में आ गया। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

मौके पर पहुंचे कांस्टेबल सरजीत के मुताबिक, इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार तीनों घायल दरअसल कुल्फी बेचने वाले मजदूर थे, जो एक पार्टी में कुल्फी सप्लाई करके वापस लौट रहे थे। इनमें जयपुर निवासी 50 वर्षीय शंकर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अलवर के जावली लक्ष्मणगढ़ निवासी 48 वर्षीय मुकेश और आदर्श नगर स्थित जनता कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय उमाशंकर को भी चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद थार चालक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जिससे कुछ ही देर में उस इलाके में यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मेट्रो की क्रेन बुलवाई और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू किया जा सका। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।