जयपुर में 5 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान शुरू, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
ओवरलोड वाहनों, अवैध बसों और रेंट-ए-कार सेवाओं पर कड़ी निगरानी, स्कूल वाहनों का भी होगा सत्यापन
अनन्य सोच। शहर में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जयपुर आरटीओ प्रथम द्वारा 5 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत बुधवार, 6 मई से की गई है, जो 10 मई तक चलेगा। इस अभियान के तहत शाम 5 बजे से सघन कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
अभियान के दौरान विशेष रूप से ओवरलोड वाहनों और नियमों के विपरीत संचालित हो रही बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ऐप-आधारित सेवाओं और रेंट-ए-कार से जुड़ी गाड़ियों की भी गहन जांच की जाएगी, ताकि बिना अनुमति या नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही सेवाओं पर रोक लगाई जा सके।
सड़क सुरक्षा के इस अभियान में स्कूलों में संचालित बाल-वाहिनियों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। साथ ही बिना परमिट और टैक्स के चल रही व्यावसायिक गाड़ियों को जब्त करने की कार्रवाई भी अभियान का हिस्सा होगी।
आरटीओ प्रथम के अधिकारी राजेंद्र सिंह शेखावत के निर्देशन में इस अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभागीय टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष ड्राइव का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।