महिला स्वास्थ्य और फाइनेंशियल एम्पावरमेंट पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

मदर्स डे पर महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश “जयपुर विमेन फेस्टिवल” के पहले चैप्टर का हुआ भव्य आगाज़

May 10, 2026 - 18:32
May 10, 2026 - 21:22
 0
महिला स्वास्थ्य और फाइनेंशियल एम्पावरमेंट पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

अनन्य सोच। मदर्स डे के अवसर पर इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान (आईजीपीआरएस) और एक निजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “जयपुर विमेन फेस्टिवल” के पहले चैप्टर का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूकता, संवाद और प्रेरणा का सशक्त मंच प्रदान करना रहा, जहां स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।

महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीरज के. पवन ने कहा कि “जयपुर विमेन फेस्टिवल” का पहला अध्याय महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर गंभीरता से कार्य कर रही है तथा महिलाओं के प्रत्येक स्तर पर विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत बनाने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है, जहां वे खुलकर संवाद कर सकें और अपने अनुभव साझा कर सकें।

स्वास्थ्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर विशेष पैनल डिस्कशन

फेस्टिवल के दौरान महिला स्वास्थ्य एवं फाइनेंशियल एम्पावरमेंट विषयों पर विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। चर्चा में महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, मातृत्व, स्वास्थ्य जागरूकता, वित्तीय साक्षरता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सोशल बिहेवियर चेंज जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का स्वस्थ और आर्थिक रूप से सशक्त होना दोनों ही समान रूप से जरूरी हैं। महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के साथ-साथ वित्तीय निर्णय लेने में भी आत्मनिर्भर बनना चाहिए। पैनल चर्चा में महिलाओं के लिए शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सामाजिक सोच को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में टी. शुभमंगलम, मंजिरी पंत तथा चन्द्रानी सेन सहित स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई गणमान्य हस्तियों ने सहभागिता की। सभी वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।