खैरथल स्टेशन का मेगा मेकओवर: आधुनिक सुविधाओं से बदलेगी तस्वीर, व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार

अमृत भारत योजना के तहत 12.79 करोड़ से हुआ कायाकल्प

खैरथल स्टेशन का मेगा मेकओवर: आधुनिक सुविधाओं से बदलेगी तस्वीर, व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार

अनन्य सोच। अलवर जिले का प्रमुख व्यापारिक केंद्र खैरथल अब एक नई पहचान के साथ उभरने जा रहा है। भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खैरथल रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

कनेक्टिविटी का मजबूत केंद्र, हजारों यात्रियों को लाभ

उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में स्थित यह स्टेशन लंबे समय से व्यापार और आवागमन का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिदिन औसतन 4,800 से अधिक यात्री यात्रा करते हैं और 46 ट्रेनों का ठहराव होता है। किशनगढ़ बास, तिजारा और आसपास के क्षेत्रों के लिए यह स्टेशन महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी हब है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस नया स्टेशन परिसर

करीब 12.79 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया है। आकर्षक पोर्च, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया (1200 से बढ़ाकर 3600 वर्गमीटर), अलग प्रवेश-निकास द्वार और दोपहिया-चौपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया गया है, जिसमें रैंप और कवरिंग शेड शामिल हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म शेल्टर का विस्तार, 4197 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म का नवीनीकरण और स्टेशन भवन में आकर्षक कलात्मक चित्र इसे आधुनिक रूप प्रदान करते हैं।

दिव्यांगजनों और यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं

स्टेशन पर नए प्रतीक्षा कक्ष, आधुनिक शौचालय, हेल्प बूथ, रैंप, विशेष टिकट विंडो और स्पष्ट साइनेंज की व्यवस्था की गई है, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को सुविधाजनक अनुभव मिलेगा।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया जीवन

खैरथल स्टेशन का यह कायाकल्प केवल बुनियादी ढांचे का विकास नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास का आधार भी बनेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।