अब खेत बताएगा बीमारी और AI देगा इलाज! राजस्थान में खेती-किसानी का सबसे बड़ा डिजिटल बदलाव शुरू
95 लाख किसानों की बनी डिजिटल ‘Farmer ID’, अब मोबाइल पर मिलेगी मौसम, फसल और मंडी की स्मार्ट सलाह
अनन्य सोच। राजस्थान में खेती-किसानी अब पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। प्रदेश के किसानों को तकनीक से जोड़ने और कृषि व्यवस्था को पूरी तरह स्मार्ट बनाने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। कृषि विभाग, राजस्थान सरकार और Wadhwani AI Foundation के बीच महत्वपूर्ण गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके बाद अब खेतों तक AI आधारित सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।
पंत कृषि भवन में आयोजित कार्यक्रम में कृषि आयुक्त Naresh Kumar Goyal ने कहा कि यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, फसल नुकसान कम करने और कृषि सेवाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। खास बात यह है कि वाधवानी एआई अगले तीन वर्षों तक राज्य सरकार का फ्री टेक्नोलॉजी पार्टनर बनकर काम करेगा, जिससे सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आएगा।
95 लाख किसानों का डिजिटल डेटा तैयार
राजस्थान देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है, जहां एग्री-स्टैक के तहत करीब 95 लाख किसानों की डिजिटल Farmer ID तैयार की जा चुकी है। इस आईडी में किसान की जमीन, खसरा नंबर, आधार और कृषि संबंधी रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे। इससे फसल बीमा, उर्वरक वितरण और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा गड़बड़ियों पर रोक लगेगी।
अब खेत से फोटो भेजते ही मिलेगा इलाज
इस समझौते के तहत कई एडवांस AI टूल्स लागू किए जाएंगे। ‘एग्रीवाणी’ नाम का चैटबॉट किसानों से उनकी भाषा में बात करेगा और तुरंत सलाह देगा। वहीं ‘क्रोपस’ तकनीक खेत में लगी बीमारी या कीड़ों की पहचान सिर्फ फोटो देखकर करेगी और उपचार बताएगी।
इसके अलावा Soybean Grain Analyzer ऐप मंडी जाने से पहले ही फसल की गुणवत्ता और प्रोटीन स्तर की जांच करेगा, ताकि किसान को सही दाम मिल सके।
AI से बदलेगी खेती की तस्वीर
कृषि विभाग का मानना है कि यह तकनीक सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि किसानों के लिए सुरक्षा कवच साबित होगी। मौसम, रोग, उत्पादन और बाजार से जुड़ी सटीक जानकारी अब गांवों तक तेजी से पहुंचेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार अगर यह मॉडल सफल रहा, तो राजस्थान देश में AI आधारित स्मार्ट खेती का सबसे बड़ा उदाहरण बन सकता है।