दवा विक्रेताओं की हड़ताल के बीच राहत, राजस्थान में 538 सहकारी मेडिकल स्टोर 14 घंटे रहेंगे खुले

मरीजों और आमजन को परेशानी से बचाने के लिए सरकार का फैसला, जन औषधि केंद्रों पर भी उपलब्ध रहेंगी जरूरी दवाइयां

May 20, 2026 - 08:52
 0
दवा विक्रेताओं की हड़ताल के बीच राहत, राजस्थान में 538 सहकारी मेडिकल स्टोर 14 घंटे रहेंगे खुले

अनन्य सोच। दवा विक्रेताओं की प्रस्तावित हड़ताल के बीच राजस्थान सरकार ने मरीजों और आमजन को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सहकारिता विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 20 मई (बुधवार) को प्रदेशभर में संचालित सभी सहकारी दवा विक्रय केंद्र एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मरीज को दवाइयों के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।

Dr. Samit Sharma, शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां ने बताया कि दवा विक्रेताओं की हड़ताल को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं होने देना चाहती और आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

538 केंद्रों पर मिलेगी दवाओं की सुविधा

प्रदेशभर में कॉनफेड, सहकारी उपभोक्ता भंडारों और क्रय-विक्रय सहकारी समितियों द्वारा संचालित कुल 538 दवा विक्रय केंद्र बुधवार को लगातार 14 घंटे तक सेवाएं देंगे। इन केंद्रों पर करीब दो हजार प्रकार की दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। विशेष रूप से जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जन औषधि केंद्रों पर भी रहेगी विशेष व्यवस्था

प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा ताकि मरीजों को सस्ती और आवश्यक दवाइयां आसानी से मिल सकें। विभाग ने जिला सहकारी भंडारों को लगातार मॉनिटरिंग करने और दवा उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।