राजस्थान में हेल्थ सेक्टर की सबसे बड़ी तैयारी! AI और रोबोटिक तकनीक से लैस होगा RIMS, AIIMS जैसी सुविधाओं का मिलेगा लाभ

चिकित्सा मंत्री Gajendra Singh Khimsar ने की उच्च स्तरीय समीक्षा, बोले- तय समय सीमा में पूरा हो प्रोजेक्ट

May 23, 2026 - 17:44
 0
राजस्थान में हेल्थ सेक्टर की सबसे बड़ी तैयारी! AI और रोबोटिक तकनीक से लैस होगा RIMS, AIIMS जैसी सुविधाओं का मिलेगा लाभ

अनन्य सोच। राजस्थान सरकार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊंचाई देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma की पहल पर जयपुर में बनने जा रहे राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) को लेकर शनिवार को स्वास्थ्य भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री Gajendra Singh Khimsar ने की।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्टीयरिंग कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान Rajasthan University of Health Sciences (RUHS) को अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

AI और रोबोटिक तकनीक से लैस होगा RIMS

चिकित्सा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य चरणबद्ध और तय टाइमलाइन के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि RIMS को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, डिजिटल हेल्थ सिस्टम, AI आधारित सुविधाओं और रोबोटिक तकनीकों से लैस किया जाएगा, ताकि मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने आधारभूत ढांचे के विस्तार और विशेषज्ञ सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। साथ ही आरयूएचएस अस्पताल में मानव संसाधन बढ़ाने के लिए तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए।

हाई क्वालिटी क्लिनिकल केयर और रिसर्च पर फोकस

बैठक में प्रशासनिक, तकनीकी और कानूनी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि संस्थान को विश्व स्तरीय चिकित्सा एवं रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित किया जाए, जहां हाई क्वालिटी क्लिनिकल केयर और एडवांस रिसर्च सुविधाएं उपलब्ध हों।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव Gayatri Rathore ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप RIMS के विकास के लिए प्रभावी एक्शन प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि RUHS अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं और एडवांस डायग्नोसिस की शुरुआत के बाद ओपीडी और आईपीडी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

AIIMS दिल्ली की तर्ज पर विकसित होगा संस्थान

चिकित्सा शिक्षा आयुक्त Babu Lal Goyal ने बताया कि RIMS को All India Institute of Medical Sciences Delhi (AIIMS Delhi) की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यह संस्थान पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षा, सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं और उन्नत शोध का बड़ा केंद्र बनेगा।

आरयूएचएस के कुलगुरु Pramod Yeole ने कहा कि RIMS को क्वाटरनरी रेफरल और पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।