‘आपकी जानकारी, देश की दिशा’: 1 मई से शुरू होगी स्व-गणना, राज्यपाल की खास अपील

15 मई तक पोर्टल पर दर्ज करें परिवार का विवरण—16 मई से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम

‘आपकी जानकारी, देश की दिशा’: 1 मई से शुरू होगी स्व-गणना, राज्यपाल की खास अपील

अनन्य सोच। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रदेशवासियों से जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि 1 मई से 15 मई, 2026 के बीच स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की सटीक जानकारी अवश्य दर्ज करें। उन्होंने इसे राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए नागरिकों से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा जताई। राज्यपाल ने बताया कि स्व-गणना के बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें गणनाकर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। इस दौरान मोबाइल ऐप के माध्यम से आवासों की सूची, उपलब्ध सुविधाओं, संपत्तियों और अन्य आवश्यक आंकड़ों का संकलन किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि यह देश का एक व्यापक सामाजिक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया है। इसके माध्यम से शिक्षा, रोजगार, लिंग अनुपात और सामाजिक संरचना से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जाते हैं, जो भविष्य की नीतियों और योजनाओं का आधार बनते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े ही सरकार को जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाए।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर को अपने योगदान के रूप में देखें और समय रहते स्व-गणना पोर्टल का उपयोग करें। जनगणना में सक्रिय भागीदारी न केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी है, बल्कि देश के विकास में सीधा योगदान भी है।