रिंग रोड पर दिल दहला देने वाला मंजर: 359 गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के केबिन में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Jun 21, 2026 - 23:32
Jun 21, 2026 - 23:36
 0
रिंग रोड पर दिल दहला देने वाला मंजर: 359 गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के केबिन में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

अनन्य सोच। रविवार दोपहर रिंग रोड पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब 359 एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अचानक आग की लपटों में घिर गया। हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखने वालों की सांसें थम गईं, लेकिन चालक की तत्परता ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।

घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब अलवर से एलपीजी सिलेंडर लेकर सीतापुरा गैस प्लांट जा रहा ट्रक रिंग रोड से गुजर रहा था। अचानक केबिन से धुआं उठने लगा और कुछ ही सेकंड में आग ने भयावह रूप ले लिया। हालात की गंभीरता समझते हुए चालक भूर सिंह (निवासी सपोटरा, करौली) ने बिना घबराए ट्रक को सड़क किनारे रोका और तुरंत बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई।

सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पुलिस ने रिंग रोड के दोनों ओर यातायात तुरंत रोक दिया, जिससे कुछ देर के लिए वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल बना रहा।

राहत की बात यह रही कि ट्रक में लदे सभी 359 सिलेंडर खाली थे — यह जानकारी मिलने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और राहत दल ने राहत की सांस ली। दमकलकर्मियों ने महज दस मिनट की मेहनत में केबिन की आग पर पूरी तरह काबू कर लिया, जिससे आग सिलेंडरों तक पहुंचने से पहले ही बुझ गई और बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी सामने आ रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।