गोकुलधाम अब कार्टून के रंग में! 4,800 एपिसोड के बाद TMKOC का बड़ा एनिमेशन सरप्राइज

18 साल पुराने शो का नया अवतार, एनीमे स्टाइल में दिखेगी जेठालाल-बापूजी की पूरी टोली

Aug 31, 2026 - 23:12
Aug 31, 2026 - 23:14
 0
गोकुलधाम अब कार्टून के रंग में! 4,800 एपिसोड के बाद TMKOC का बड़ा एनिमेशन सरप्राइज

अनन्य सोच। गोकुलधाम सोसाइटी अब दर्शकों के सामने बिल्कुल नए और अनोखे अंदाज में आने वाली है। इस बार गोकुलधाम की पूरी दुनिया 2D एनिमेशन फॉर्मेट में जीवंत होगी। नीला फिल्म प्रोडक्शंस की गेमिंग और एनिमेशन विंग नीला मीडियाटेक ने मुंबई में हुए Animation & More Summit 2026 में अपनी आने वाली 2D फैमिली एनिमेटेड सीरीज की पहली झलक दिखाई। इस मौके पर रिलीज हुए स्पेशल स्नीक पीक वीडियो ने फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है।

पूरे परिवार को ध्यान में रखकर बनाई जा रही इस सीरीज में सभी फेवरेट किरदार नए 2D लुक में नजर आएंगे। हालांकि किरदारों की पहचान और उनकी लोकप्रियता जस की तस बनी रहेगी, लेकिन कहानी कहने का अंदाज और विजुअल एक्सपीरियंस पूरी तरह नया होगा। खास बात यह है कि इस एनिमेशन में एनीमे से इंस्पायर्ड स्टाइल इस्तेमाल की जाएगी, फिर भी शो का ओरिजिनल ह्यूमर और पॉजिटिव मैसेज बरकरार रहेगा।

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के क्रिएटर और प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने समिट में शो के 18 साल के सफर पर बात करते हुए बताया कि यह शो अब तक 4,800 एपिसोड पूरे कर चुका है और दुनिया की सबसे लंबे समय तक चलने वाली कॉमेडी सीरीज में इसका नाम शुमार है। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी को एक बड़े एंटरटेनमेंट यूनिवर्स के तौर पर डेवलप करने का प्लान भी शेयर किया, जिसमें यह नई एनिमेटेड सीरीज एक अहम कड़ी साबित होगी।

बता दें कि प्री-टीन्स के लिए बनी 3D एनिमेटेड सीरीज पहले से ही यूट्यूब पर हिट चल रही है, वहीं छोटे बच्चों के लिए TMKOC Rhymes 12 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। असित मोदी ने बताया कि आने वाले समय में नए फॉर्मेट, प्लेटफॉर्म और कई बड़े कोलैबोरेशन के जरिए इस फ्रेंचाइजी को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।

नीला मीडियाटेक, नीला फिल्म प्रोडक्शंस की डिजिटल शाखा है, जो गेमिंग, एनिमेशन, मर्चेंडाइज और गेमिफाइड लर्निंग के जरिए पॉपुलर IP पर बिजनेस तैयार करने पर फोकस करती है। कंपनी पहले ही मोबाइल गेम्स, यूट्यूब चैनल्स और PlaySchool जैसा गेमिफाइड लर्निंग ऐप लॉन्च कर चुकी है, जो TMKOC की लोकप्रियता को डिजिटल दुनिया में और मजबूत कर रहे हैं।