नेपाल की त्रासदी पर दो मिनट का मौन, फिर योगी-वैष्णव ने बहराइच को दी 730 करोड़ की सौगात

नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच ब्रॉड गेज लाइन का उद्घाटन, चार ट्रेनों का हुआ विस्तार, दिल्ली-लखनऊ सफर होगा सिर्फ सवा दो घंटे का

Aug 31, 2026 - 23:13
Aug 31, 2026 - 23:16
 0
नेपाल की त्रासदी पर दो मिनट का मौन, फिर योगी-वैष्णव ने बहराइच को दी 730 करोड़ की सौगात

अनन्य सोच। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को एक साथ मंच साझा किया, लेकिन इस मौके की शुरुआत जश्न से नहीं, बल्कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देकर हुई। कार्यक्रम में मौजूद सभी गणमान्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर पड़ोसी देश में जान गंवाने वालों को नमन किया।

इसके बाद दोनों नेताओं ने डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल और बहराइच सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड की मौजूदगी में नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड के गेज कन्वर्जन और इलेक्ट्रिफिकेशन प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। करीब 730 करोड़ रुपये की लागत से 56.15 किलोमीटर लंबे इस सेक्शन को मीटर गेज से ब्रॉड गेज में तब्दील किया गया है। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस मौके पर चार मौजूदा ट्रेनों की सर्विस को सीधे नेपालगंज रोड तक बढ़ा दिया गया।

रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि भारत-नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्ते हैं, इसलिए नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए रेलवे भी हरसंभव कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों से भारत लाए जा रहे यात्रियों के लिए स्पेशल कोच की व्यवस्था की गई है और रेलवे बोर्ड विदेश मंत्रालय व स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर रहा है। वहीं सीएम योगी ने भी नेपाल हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

1886 में बनी इस पुरानी मीटर गेज लाइन के अब ब्रॉड गेज नेटवर्क में शामिल होने से बहराइच, रिसिया, मटेरा, नानपारा, बाबागंज जैसे स्टेशनों को सीधा फायदा मिलेगा। वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को नेपालगंज रोड तक बढ़ाया गया है, जिससे सीमा पार आने-जाने वाले नेपाली नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में रेल मंत्री ने आने वाले दिनों की बड़ी योजना का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद दिल्ली-आगरा का सफर महज 58 मिनट, दिल्ली-कानपुर पौने दो घंटे और दिल्ली-लखनऊ की दूरी सिर्फ सवा दो घंटे में तय हो सकेगी।