दिल्ली के खराब मौसम का असर, 11 उड़ानें जयपुर डायवर्ट, यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता

दिल्ली के खराब मौसम का असर, 11 उड़ानें जयपुर डायवर्ट, यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता

अनन्य सोच। राजधानी दिल्ली में अचानक खराब हुए मौसम का सीधा असर हवाई यातायात पर देखने को मिला, जिसके चलते दिल्ली में उतरने वाली 11 उड़ानों को डायवर्ट कर जयपुर लाया गया। बीती रात करीब साढ़े ग्यारह बजे से जयपुर हवाई अड्डे पर विमानों के उतरने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। सभी उड़ानों की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की गई।

डायवर्ट की गई उड़ानों में इंडिगो की सिंगापुर, पुणे, गुवाहाटी, नासिक, अमृतसर और कोलकाता से दिल्ली जा रही सेवाएं शामिल थीं। इसके अलावा एयर इंडिया की मुंबई से दिल्ली, अलायंस एयर की रीवा से दिल्ली, अकासा एयर की पुणे से दिल्ली तथा एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर और गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली उड़ानों को भी जयपुर मोड़ा गया।

खराब मौसम के चलते दिल्ली में देर रात तक लैंडिंग संभव नहीं हो सकी, जिससे जयपुर हवाई अड्डे पर अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया। इस स्थिति में हवाई अड्डा प्रशासन और वायु यातायात नियंत्रण ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी विमानों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की।

सोमवार सुबह मौसम में सुधार होने पर सात उड़ानों को पुनः दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया, जबकि चार उड़ानें अभी जयपुर में ही रोकी गई हैं। प्रभावित यात्रियों को संबंधित विमान कंपनियों द्वारा आवश्यक सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन की तत्परता और समन्वय से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।