मजबूत इरादों और नवाचारों से आमजन में बढ़ा पुलिस के प्रति विश्वास

राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस: राजस्थान पुलिस की पहचान देश के सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल के रूप में रहेगी कायम

Apr 16, 2023 - 15:32
 0

अनन्य सोच, जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में पुलिस का इकबाल बुलंद है। इसी से ही राजस्थान देश में शांति व सुरक्षित प्रदेश माना जाता है। लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप पुलिस ने अपना दायित्व निष्पक्षता और संवेदनशीलता से बखूबी निभाया है। बेहतर जांच और सतर्कता से अपराधियों को सजा और पीड़ितों को न्याय मिला है। गहलोत रविवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर परेड के निरीक्षण के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही, कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस कर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन प्रदान के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आमजन के सम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित करें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के मजबूत इरादों और नवाचारों से आमजन में विश्वास बढ़ा है। अपराध नियंत्रित होने के साथ जांच समय में भी कमी आई है। पुलिस के ध्येय वाक्य ‘आमजन में विश्वास-अपराधियों में भय‘ जनता में साकार होता दिख रहा है। गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पुलिस के सुदृढ़ीकरण, आधुनिकीकरण और दक्षता बढ़ाने की दिशा में अहम फैसले लिए गए हैं।