सुरों में सजी देशभक्ति: इण्डियन आर्मी सिम्फनी बैण्ड की भव्य प्रस्तुति ने मोहा मन

सुरों में सजी देशभक्ति: इण्डियन आर्मी सिम्फनी बैण्ड की भव्य प्रस्तुति ने मोहा मन

अनन्य सोच। मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान के 22वें राइजिंग डे के उपलक्ष्य में मध्यवर्ती सभागार में आयोजित “इण्डियन आर्मी सिम्फनी बैण्ड प्रस्तुति” का सांस्कृतिक कार्यक्रम बुधवार सायं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शाम 6:30 से 7:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत शौर्य गीतों और देशभक्ति धुनों ने पूरे वातावरण को उत्साह और गर्व से भर दिया।

भारतीय सेना के दक्षिण पश्चिमी कमान के बैण्ड द्वारा दी गई मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में संगीत की विविधता और समृद्ध परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने सभागार में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आत्मीयता का गहरा अनुभव कराया। देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों ने जहां एक ओर सेना के शौर्य और समर्पण को दर्शाया, वहीं दूसरी ओर कला और प्रतिभा को भी सशक्त मंच प्रदान किया।

इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

कला एवं संस्कृति विभाग की उप सचिव एवं जवाहर कला केन्द्र की अतिरिक्त महानिदेशक अनुराधा गोगीया ने बताया कि भारतीय सेना के दक्षिण पश्चिमी कमान और जवाहर कला केन्द्र के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।