“बार-बार गंदगी फैलाने वालों पर अब कड़ा प्रहार: 9000 कर्मियों के साथ जयपुर में ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’ का मेगा मिशन शुरू”
अविनाश। ओम कसेरा ने खुद संभाली कमान, चेतावनी—समझाने के बाद भी नहीं सुधरे तो लगेगा भारी जुर्माना
अनन्य सोच। स्वच्छता को लेकर सख्त संदेश देते हुए जयपुर नगर निगम ने “सफाई सेवा मैराथन-2026” का भव्य आगाज़ किया। शनिवार सुबह 7 बजे मालवीय नगर जोन के वार्ड 83 से शुरू हुए इस महाअभियान का नेतृत्व नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने किया। उन्होंने स्वयं मैदान में उतरकर सफाई कर्मियों का हौसला बढ़ाया और शहर को साफ-सुथरा बनाने का संकल्प दिलाया।
यह अभियान जयपुर नगर निगम का अब तक का सबसे बड़ा सफाई ड्राइव माना जा रहा है, जिसमें करीब 9000 अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में तैनात हैं। निजी संस्थाएं भी इस मुहिम में सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं। 14 घंटे तक लगातार चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर के हर कोने को कचरा मुक्त बनाना है।
बढ़े संसाधन, बड़ा लक्ष्य
सामान्य दिनों में जहां 2000–3000 टन कचरा उठाया जाता है, वहीं इस विशेष अभियान में अतिरिक्त संसाधनों के साथ इस आंकड़े को पार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अतिरिक्त कचरा संग्रहण वाहन, जेसीबी और डंपर लगाए गए हैं।
आयुक्त का निरीक्षण और सख्त रुख
अभियान के दौरान आयुक्त ओम कसेरा ने किशनपोल बाजार, अजमेरी गेट और जलेब चौक का दौरा किया। उन्होंने खुद कचरा उठाकर उदाहरण पेश किया। कुछ स्थानों पर गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
बार-बार गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती
आयुक्त का स्पष्ट संदेश है—पहले नागरिकों को जागरूक किया जाएगा, लेकिन बार-बार गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा, ताकि शहर की स्वच्छता कायम रखी जा सके।
मजबूत मॉनिटरिंग व्यवस्था
वार्ड स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग टीमें गठित की गई हैं, जो पूरे अभियान की निगरानी करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी क्षेत्र सफाई से वंचित न रहे।